Samachar Nama
×

बिहार नाव हादसे पर भाजपा नेताओं ने जताया दुख, बोले-सरकार करेगी हरसंभव मदद

बिहार नाव हादसे पर भाजपा नेताओं ने जताया दुख, बोले-सरकार करेगी हरसंभव मदद
बिहार नाव हादसे पर भाजपा नेताओं ने जताया दुख, बोले-सरकार करेगी हरसंभव मदद

नई दिल्ली, 14 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर में गंगा नदी पार करने के दौरान नाव पलटने से हुए हादसे में 13 मासूम बच्चों की मौत हो गई। मरने वाले सभी बच्चे 15 साल से कम उम्र के बताए जा रहे हैं। इस दर्दनाक घटना के बाद राजनीतिक हलकों में शोक की लहर है और बीजेपी नेताओं ने अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।

इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए गोरखपुर से बीजेपी सांसद रवि किशन ने गहरा दुख व्यक्त किया है। रायपुर में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, "मुझे इस घटना के बारे में सुनकर बहुत दुख हुआ है। मेरी संवेदनाएं सभी पीड़ित परिवारों के साथ हैं। मैं अक्सर हाजीपुर जाता रहा हूं, और यह खबर सुनकर मन बहुत व्यथित है।" उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार इस मुश्किल घड़ी में पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद देगी।

वहीं, पटना में बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने भी इस हादसे को अत्यंत दुखद बताया। उन्होंने कहा, "यह एक बेहद दुखद घटना है, जिसमें कई लोगों की जान चली गई, जिनमें मासूम बच्चे भी शामिल हैं। भारतीय जनता पार्टी अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती है।"

संजय सरावगी ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री ने भी इस घटना पर शोक जताया है। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से राहत राशि की घोषणा कर दी गई है। साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि इस बात की जांच की जाएगी कि रात के समय नाव का संचालन क्यों किया जा रहा था। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में जो भी लोग इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इसी मुद्दे पर बिहार सरकार के मंत्री राम कृपाल यादव ने विपक्ष के नेता पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, "राघोपुर विपक्ष के नेता का निर्वाचन क्षेत्र है। यह एक दुखद घटना है और उन्हें अपने क्षेत्र में जाकर पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करनी चाहिए क्योंकि वे उनके प्रतिनिधि हैं।"

--आईएएनएस

पीआईएम/पीएम

Share this story