Samachar Nama
×

बिहार: मुजफ्फरपुर में नीट की तैयारियां पूरी, अधिकारियों को सफल आयोजन का भरोसा

मुजफ्फरपुर, 20 जून (आईएएनएस)। री-नीट को लेकर मुजफ्फरपुर में तमाम तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिले में बनाए गए 13 परीक्षा केंद्रों पर व्यापक स्तर पर मॉक ड्रिल आयोजित की गई, जिसमें परीक्षा संचालन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए हर स्तर पर विशेष सावधानी बरती जा रही है।
बिहार: मुजफ्फरपुर में नीट की तैयारियां पूरी, अधिकारियों को सफल आयोजन का भरोसा

मुजफ्फरपुर, 20 जून (आईएएनएस)। री-नीट को लेकर मुजफ्फरपुर में तमाम तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिले में बनाए गए 13 परीक्षा केंद्रों पर व्यापक स्तर पर मॉक ड्रिल आयोजित की गई, जिसमें परीक्षा संचालन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए हर स्तर पर विशेष सावधानी बरती जा रही है।

परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के प्रवेश, दस्तावेजों की जांच, रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया, कक्ष निरीक्षकों की जिम्मेदारियों और सुरक्षा व्यवस्था सहित सभी पहलुओं का परीक्षण किया गया। अधिकारियों ने दावा किया कि इस बार परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या अव्यवस्था की संभावना को समाप्त करने के लिए विस्तृत योजना बनाई गई है।

नितेश्वर महाविद्यालय में नियुक्त नीट ऑब्जर्वर डॉ. नवनीत ने आईएएनएस को बताया कि परीक्षा पूर्व आयोजित मॉक ड्रिल पूरी तरह सफल रही। हमारी मॉक ड्रिल पूरी हो चुकी है। इसमें रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया से लेकर इनविजिलेटर्स की ड्यूटी और उनकी जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से चर्चा की गई। सभी व्यवस्थाएं सुनियोजित तरीके से की गई हैं। हमें उम्मीद है कि इस केंद्र पर परीक्षा सुचारू रूप से और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न होगी। परीक्षा के दौरान निर्धारित दिशानिर्देशों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाएगा और प्रत्येक कर्मचारी को उसकी भूमिका के बारे में स्पष्ट जानकारी दी गई है।

वहीं, दूसरे ऑब्जर्वर डॉ. बनेश्वर शर्मा ने भी तैयारियों पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि मॉक ड्रिल के माध्यम से सभी व्यवस्थाओं का परीक्षण किया गया है। परीक्षा के लिए हमने मॉक ड्रिल कर तमाम तैयारियों की समीक्षा की। इनविजिलेटर्स के साथ बैठक कर उन्हें आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। उन्हें विशेष रूप से बताया गया है कि परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही न हो और हर स्तर पर सतर्कता बरती जाए। हमें विश्वास है कि हम इस परीक्षा का सफलतापूर्वक और व्यवस्थित आयोजन कर पाएंगे।

डॉ. शर्मा ने आगे कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सभी कर्मचारियों को जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं और प्रत्येक चरण की निगरानी की जाएगी।

नितेश्वर महाविद्यालय के प्राचार्य एवं परीक्षा अधीक्षक प्रमोद कुमार ने बताया कि उनके केंद्र पर लगभग 600 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे और इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि यहां पर तैयारी बहुत अच्छे तरीके से की गई है। 600 बच्चों का यहां परीक्षा केंद्र है। इसके लिए हमने मॉक ड्रिल आयोजित की और संबंधित कर्मियों को जरूरी प्रशिक्षण भी दिया है। पिछले कई दिनों से हम लगातार तैयारियों में जुटे हुए थे ताकि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी न हो।

प्रमोद कुमार ने आगे कहा कि परीक्षा संचालन से जुड़ी नई व्यवस्थाओं और दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन किया जा रहा है। सभी व्यवस्थाएं मानकों के अनुरूप की गई हैं। यहां किसी तरह की कोई विसंगति नहीं होगी और परीक्षा पूरी पारदर्शिता तथा अनुशासन के साथ संपन्न कराई जाएगी।

गौरतलब है कि री-नीट को लेकर इस बार पूरे देश में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, निगरानी और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को मजबूत किया गया है।

--आईएएनएस

पीएसके/एबीएम

Share this story

Tags