Samachar Nama
×

बिहार: मुजफ्फरपुर में घर में घुसकर रिटायर्ड बैंककर्मी दंपति की हत्या, जांच में जुटी पुलिस

बिहार: मुजफ्फरपुर में घर में घुसकर रिटायर्ड बैंककर्मी दंपति की हत्या, जांच में जुटी पुलिस
बिहार: मुजफ्फरपुर में घर में घुसकर रिटायर्ड बैंककर्मी दंपति की हत्या, जांच में जुटी पुलिस

मुजफ्फरपुर, 20 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार के मुजफ्फरपुर के मिठनपुरा थाना क्षेत्र स्थित रामबाग इलाके में सोमवार शाम बदमाशों ने घर में घुसकर पंजाब नेशनल बैंक के सेवानिवृत्त कर्मचारी और उनकी पत्नी की हत्या कर दी। इस दोहरे हत्याकांड से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुटी गई है।

मृतकों की पहचान पंजाब नेशनल बैंक के सेवानिवृत्त कर्मचारी अशोक कुमार और उनकी पत्नी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बदमाशों ने पहले अशोक कुमार पर चाकू से कई वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। उनका शव घर के ग्राउंड फ्लोर पर बरामद हुआ, वहीं उनकी पत्नी का शव घर के ऊपरी तल पर मिला। आशंका जताई जा रही है कि पहले उनका मुंह बांधा गया और फिर गला दबाकर उनकी हत्या की गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के सही कारणों की पुष्टि होगी।

बताया जा रहा है कि घटना की जानकारी उस समय हुई जब दंपति के बेटे निखिल ने पड़ोसी को फोन कर बताया कि घर का सीसीटीवी कैमरा ठीक से काम नहीं कर रहा है और काफी देर से माता-पिता से संपर्क भी नहीं हो पा रहा है। इसके बाद पड़ोसी घर पहुंचे, जहां दोनों के शव पड़े मिले। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही मिठनपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू की। बाद में फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए।

सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच अधिकारियों को सभी पहलुओं पर गहन छानबीन करने का निर्देश दिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।

पुलिस का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं, जिनमें लूट, निजी रंजिश और अन्य कारण शामिल हैं, को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। मामले के खुलासे के लिए तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों की भी मदद ली जा रही है।

--आईएएनएस

एमएनपी/पीएसके

Share this story

Tags