Samachar Nama
×

बिहार : मुजफ्फरपुर में नदी में नहाने गए तीन किशोरों की डूबने से मौत, एक ने तैरकर बचाई जान

बिहार : मुजफ्फरपुर में नदी में नहाने गए तीन किशोरों की डूबने से मौत, एक ने तैरकर बचाई जान
बिहार : मुजफ्फरपुर में नदी में नहाने गए तीन किशोरों की डूबने से मौत, एक ने तैरकर बचाई जान

मुजफ्फरपुर, 25 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में नदी में नहाने गए तीन किशोरों की डूबने से मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद एक अन्य किशोर किसी तरह तैरकर बाहर निकलने में सफल रहा।

घटना साहेबगंज नगर परिषद क्षेत्र स्थित बैद्यनाथपुर शिवालय मंदिर के सामने बया नदी की है। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान वार्ड संख्या-8 निवासी अमृत कुमार (14), साहिल उर्फ झुन्नू (12), तथा मोहम्मद रेहान (13) के रूप में हुई है। वहीं, मोहम्मद मुन्ना का पुत्र गुड्डू (13) तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आया।

जानकारी के मुताबिक, शनिवार दोपहर चारों किशोर बया नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान वे गहरे पानी में चले गए। गुड्डू ने किसी तरह खुद को बचा लिया, लेकिन उसके तीनों साथी नदी में डूब गए। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

ग्रामीणों ने करीब तीन घंटे तक लगातार नदी में खोजबीन की। काफी मशक्कत के बाद तीनों किशोरों के शव बाहर निकाले गए। इसके बाद सभी को तत्काल साहेबगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर साहेबगंज थानाध्यक्ष सुनील कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि सूचना देने के बावजूद एनडीआरएफ की टीम समय पर नहीं पहुंची, जिसके कारण शवों की तलाश और रेस्क्यू का जिम्मा ग्रामीणों को ही संभालना पड़ा। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

इस हादसे के बाद साहेबगंज नगर परिषद के वार्ड संख्या-8 में मातम पसरा हुआ है। एक साथ तीन किशोरों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे इलाके में शोक और गम का माहौल बना हुआ है।

--आईएएनएस

एमएनपी/एएसएच

Share this story

Tags