Samachar Nama
×

बिहार एमएलसी चुनाव: नतीजों से पहले अनंत सिंह के घर जश्न की तैयारी, बोले-हम पहले ही जीत चुके हैं चुनाव

बिहार एमएलसी चुनाव: नतीजों से पहले अनंत सिंह के घर जश्न की तैयारी, बोले-हम पहले ही जीत चुके हैं चुनाव
बिहार एमएलसी चुनाव: नतीजों से पहले अनंत सिंह के घर जश्न की तैयारी, बोले-हम पहले ही जीत चुके हैं चुनाव

पटना, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान संपन्न होने के बाद अब सभी की नजरें चुनाव परिणामों पर टिकी हैं। इसी बीच पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। मोकामा से जदयू विधायक अनंत सिंह ने चुनाव परिणाम आने से पहले ही अनुज सिंह के जीत का दावा करते हुए अपने घर पर जश्न की तैयारी शुरू कर दी है। उनके यहां मिठाइयां और खाने-पीने की दूसरी चीजें तैयार की जा रही हैं।

बिहार विधान परिषद चुनाव के नतीजे 27 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे। हालांकि, परिणाम आने से पहले ही अनंत सिंह के घर पर भोज की तैयारी ने राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है। अनंत सिंह इस चुनाव में अपनी ही पार्टी जदयू के प्रत्याशी नीरज कुमार के बजाय जनसुराज के उम्मीदवार अनुज सिंह के समर्थन में प्रचार कर रहे थे। उन्होंने लगातार अनुज सिंह की जीत का दावा किया है।

अनंत सिंह ने कहा कि चुनाव में जीत के बाद मिठाई बांटना आम बात है। जनता उनके यहां आएगी तो उसके नाश्ते और खाने-पीने की व्यवस्था की जाएगी। परिणाम से पहले जश्न की तैयारी को लेकर पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि जो नियम-धर्म है, वह तो चलता रहेगा । उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि वे पहले ही चुनाव जीत चुके हैं। जदयू विधायक ने कहा कि वोट दुकान में नहीं मिलता है। जनता ही भगवान है और उन्हें जनता पर पूरा भरोसा है।

उनके इस बयान को पटना स्नातक सीट पर जनसुराज प्रत्याशी अनुज सिंह की जीत को लेकर उनके मजबूत दावे के तौर पर देखा जा रहा है। पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में एनडीए समर्थित जदयू के प्रत्याशी नीरज कुमार चुनाव मैदान में हैं। वहीं, जनसुराज की ओर से अनुज सिंह अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

चुनाव के दौरान अनंत सिंह खुलकर अनुज सिंह के पक्ष में प्रचार करते नजर आए थे। इससे राजनीतिक गलियारों में भी इस मुकाबले को लेकर चर्चा तेज रही। अब 27 अक्टूबर को मतगणना के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि पटना स्नातक सीट पर मतदाताओं ने किस उम्मीदवार के पक्ष में फैसला सुनाया है। फिलहाल, परिणाम से पहले अनंत सिंह के घर पर शुरू हुई तैयारियों और उनकी जीत के दावे ने इस चुनाव परिणाम को लेकर उत्सुकता बढ़ा दी है।

--आईएएनएस

एमएनपी/पीएम

Share this story