बिहार में पलायन और भ्रष्टाचार नहीं रुकेगा : प्रशांत किशोर
मधेपुरा, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने प्रदेश के अगले सीएम को लेकर एनडीए पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार अब शारीरिक और मानसिक रूप से मुख्यमंत्री पद संभालने की स्थिति में नहीं हैं। उन्होंने दावा किया कि चुनाव से पहले ही जन सुराज ने कहा था कि नीतीश कुमार इस बार मुख्यमंत्री नहीं रहेंगे।
मधेपुरा में मीडिया से बातचीत के दौरान प्रशांत किशोर ने कहा कि हमने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि कोई जीते, कोई हारे, लेकिन नीतीश कुमार मुख्यमंत्री नहीं रहेंगे। उनके अपने दल के साथी भी यह जानते हैं, सिर्फ जनता को धोखा दिया गया। 25 से 30 नीतीश कुमार का नारा सिर्फ एक जुमला था, जनता को ठगा गया।
उन्होंने कहा कि 202 सीटें जीतकर भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पद छोड़कर राज्यसभा गए हैं तो समझना चाहिए कि उन्हें बिहार की चिंता नहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार की जनता के पैसे से वोटरों में 10 हजार रुपए बांटकर वोट खरीदा गया। जिसने बहुमत दिलाने में मदद की। बिहार में अगला मुख्यमंत्री जो भी बनेगा वह बिहार का विकास नहीं करेगा सिर्फ गुजरात का विकास होगा। बिहार के युवा गुजरात की फैक्ट्रियों में काम करने जाएंगे। सीएम की चाबी केंद्र सरकार के पास होगी।
उन्होंने भविष्यवाणी करते हुए कहा कि बिहार में भ्रष्टाचार नहीं रुकेगा, पलायन बंद नहीं होगा और रोजगार नहीं मिलेगा। अगर आपने 10 हजार रुपए लेकर वोट बेच दिया है, तो ईमानदार सरकार की उम्मीद मत कीजिए। जो वोट खरीदकर सत्ता में आए हैं, वह आपके बच्चों का हक मारेंगे। लेकिन, जन सुराज के रूप में हमारी पार्टी हमेशा जनता की आवाज बनेगी। हम रोजगार नहीं दे सकते, लेकिन जो लोग जनता द्वारा सत्ता में बैठाए गए हैं, उनसे सवाल जरूर पूछेंगे। उनसे यह काम करवाने की जिम्मेदारी हमारी होगी।
महिला आरक्षण विधेयक पर प्रशांत किशोर ने कहा कि चुनाव नजदीक आने पर भाजपा इसे अपना श्रेय बताकर महिलाओं के वोट हासिल करना चाहती है। संसद के तीन दिनों का सत्र बुलाने का क्या मतलब है। तमिलनाडु और बंगाल के चुनाव को देखते हुए भाजपा यह दिखाना चाहती है कि आरक्षण उन्हीं की वजह से मिल रहा है। महिलाओं को आरक्षण मिलना चाहिए और यह बात यूपीए सरकार के समय से ही उठ रही थी।
--आईएएनएस
डीकेएम/एबीएम

