बिहार में कानून का राज खत्म हुआ : भाई वीरेंद्र
पटना, 13 फरवरी (आईएएनएस)। बिहार की कानून व्यवस्था पर विपक्ष प्रदेश की नीतीश सरकार पर हमलावर है। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) विधायक भाई वीरेंद्र ने दावा किया कि बिहार में कानून राज खत्म हो गया है।
पटना में आईएएनएस से बातचीत में राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने कहा कि बिहार में कानून का राज खत्म हो गया है। हर व्यक्ति अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में पुलिस थानों की स्थिति यह है कि बिना रिश्वत के कोई काम नहीं होता है।
उन्होंने सरकार से मांग की है कि जिन पुलिस थानों में शिकायत लिखने के बदले में रिश्वत ली जा रही है, ऐसे थानों के थाना प्रभारियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। अगर ऐसा ही चलेगा तो लोगों को पुलिस और कानून से विश्वास उठ जाएगा। नीट मामले में सीबीआई जांच पर राजद विधायक ने कहा कि सीबीआई भी लीपापोती करेगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की सरकार चाहती तो अब तक इस मामले में दोषियों को सख्त से सख्त सजा मिल गई होती। केस को इधर से इधर करने का मतलब है कि किसी को बचाया जा रहा है।
बांग्लादेश के चुनाव में बीएनपी की जीत पर राजद विधायक ने कहा कि पूर्व पीएम इंदिरा गांधी ने बांग्लादेश को पाकिस्तान से अलग कराया था। बांग्लादेश से हमारा कोई रिश्ता खराब नहीं रहा है। आगे भी रिश्ता खराब नहीं रहना चाहिए।
बांग्लादेश में बीएनपी की जीत पर एआईएमआईएम नेता अख्तरुल ईमान ने कहा कि यह तो आने वाले दिनों में पता चलेगा। यकीनन, हमारी विदेश नीति किसी खास पार्टी पर आधारित नहीं होनी चाहिए। यह हमारे राष्ट्रीय हित और सुरक्षा से निर्देशित होनी चाहिए, और हमें पड़ोसी देशों के साथ अपने रिश्ते उसी हिसाब से बनाने चाहिए। किसी एक व्यक्ति से हमारी दोस्ती नहीं होनी चाहिए। जो हमारे लिए उचित होगा, उसके साथ हाथ मिलाना चाहिए।
बांग्लादेश के साथ रिश्तों में सुधार पर उन्होंने कहा कि हम एक खुशहाल जीवन तभी जी सकते हैं, जब आपके पड़ोसी से अच्छे संबंध हों।
--आईएएनएस
डीकेएम/एबीएम

