Samachar Nama
×

बिहार में हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा का सदस्यता अभियान शुरू, पूरे देश में 50 लाख नए सदस्य बनाने का लक्ष्य

पटना, 18 जनवरी (आईएएनएस)। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) में शामिल हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) ने रविवार को देशभर में पार्टी का सदस्यता अभियान शुरू किया। इस मौके पर पटना स्थित पार्टी कार्यालय में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार सरकार के मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने सदस्यता अभियान को लेकर मीडिया से बातचीत की।

उन्होंने बताया कि नया साल बहुत अच्छा संदेश लेकर आया है। हम लोग आज से पूरे देश में सदस्यता अभियान की शुरुआत कर रहे हैं। इस अभियान में 50 लाख नए लोगों को सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है। आशा है हम लक्ष्य से अधिक लोगों को सदस्य बना सकेंगे। उन्होंने कहा कि रविवार को इस अभियान की शुरुआत में कई लोगों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है।

डॉ. संतोष कुमार सुमन ने कहा कि जिस तरह से लोग हमारी पार्टी से जुड़े रहे हैं, उससे साफ है कि लोगों का आकर्षण हमारी पार्टी के प्रति बढ़ा है। सभी समाज, सभी तबके के लोग हमारे साथ जुड़ रहे हैं, यह पार्टी के लिए सुखद है। उन्होंने कहा कि मकर संक्रांति के बाद इस अभियान की शुरुआत की गई है, जो अगले 90 दिनों तक चलेगा और उसके बाद संगठन का विस्तार किया जाएगा। इस दौरान जिला स्तर पर कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा और यात्राएं भी की जाएंगी।

बिहार के मंत्री संतोष सुमन ने कहा कि बिहार में भी 10 लाख नए लोगों को सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है। 14 अप्रैल तक यह अभियान चलेगा। कांग्रेस के विधायकों के एनडीए में आने की चर्चा को लेकर उन्होंने कहा कि यह उन्हें तय करना है, लेकिन यह तय है कि वे संभावना तलाश रहे हैं। वे जिस गठबंधन में हैं, वहां रहकर जिस क्षेत्र से जीतकर वे आए हैं उसका भला नहीं होने वाला है। एनडीए में वे मजबूती से अपना पक्ष रख सकेंगे। हमारी आशा है कि वे अपने क्षेत्र और प्रदेश के विकास के लिए एनडीए के साथ आएंगे।

--आईएएनएस

एमएनपी/वीसी

Share this story

Tags