Samachar Nama
×

बिहार में चल रही थी रिसेप्शन पार्टी, चली गोली, दो भाइयों की मौत

पटना, 23 फरवरी (आईएएनएस)। बिहार के पटना जिले के गोपालपुर थाना क्षेत्र में रविवार की देर रात एक रिसेप्शन पार्टी में चली गोली से दो भाइयों की मौत हो गई। इस घटना के पीछे पहले से चला आ रहा विवाद बताया जा रहा है।
बिहार में चल रही थी रिसेप्शन पार्टी, चली गोली, दो भाइयों की मौत

पटना, 23 फरवरी (आईएएनएस)। बिहार के पटना जिले के गोपालपुर थाना क्षेत्र में रविवार की देर रात एक रिसेप्शन पार्टी में चली गोली से दो भाइयों की मौत हो गई। इस घटना के पीछे पहले से चला आ रहा विवाद बताया जा रहा है।

पुलिस के मुताबिक, यह घटना शाहपुर गांव की बताई जा रही है। बताया गया कि शाहपुर गांव निवासी दौलत राय के पुत्र की शादी के बाद रिसेप्शन पार्टी चल रही थी। रिसेप्शन पार्टी में लोग खाना खा रहे थे। कुछ लोग कुर्सी पर बैठकर बातचीत कर रहे थे। इसी बीच अपराधी भी वहां पहुंच गए और गोलीबारी शुरू कर दी।

इस घटना में खाना खा रहे मनीष और मंजीत को गोली लग गई। स्थानीय लोग आनन-फानन में इन दोनों को अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद रिसेप्शन पार्टी में अफरा तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। पटना (ईस्ट) के पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार ने सोमवार को बताया कि प्राथमिक जांच में घटना का कारण पूर्व विवाद प्रतीत हो रहा है।

घटनास्थल से तीन खोखा बरामद किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा सभी बिंदुओं पर गहन जांच की जा रही है और संलिप्त अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

इधर, स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतक के परिजनों का पहले से ही भूमि को लेकर विवाद चल रहा था। यह मामला अदालत भी पहुंचा था। कहा जा रहा है कि इसी विवाद में इस घटना को अंजाम दिया गया हो सकता है।

पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दोनों मृतक सगे भाई थे। घटना के बाद से मृतक के परिवार सदमे में बेसुध हो गए हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

--आईएएनएस

एमएनपी/एएस

Share this story

Tags