बिहार में बढ़ते अपराध पर चिराग पासवान का पुराना वीडियो वायरल, फैक्ट चेक में दावा निकला झूठा
नई दिल्ली, 28 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार में हाल के दिनों में बढ़ते अपराध और कानून-व्यवस्था की खामियों को लेकर सोशल मीडिया पर ढेर सारे दावे किए गए, जिन दावों पर सरकारी तंत्र और खासकर बिहार पुलिस संवेदनशील नजर आ रही है और कई मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए अपराधियों की गिरफ्तारी तक हुई है। कई मामलों में बिहार पुलिस त्वरित जांच भी कर रही है। बिहार सरकार की तरफ से भी लगातार बयान दिया गया है कि किसी भी हालत में राज्य में कानून-व्यवस्था को बिगाड़ने नहीं देंगे और प्रशासन को इसके लिए पूरी तरह से निर्देशित किया गया है।
इसी बीच एनडीए के घटक दलों में से एक लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नेता और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के मीडिया में दिए गए एक बयान के वीडियो को सोशल मीडिया पर जारी कर यह दावा किया जा रहा है कि वह बिहार सरकार के कामकाज और शासन-प्रशासन की व्यवस्था को लेकर नाखुश हैं। साथ ही दावा किया जा रहा है कि वह अपनी पार्टी के बिहार में एनडीए घटक दल में होने पर 'शर्म' महसूस कर रहे हैं।
हालांकि, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अलग-अलग अकाउंट से शेयर वीडियो सही है। लेकिन, इस वीडियो को लेकर सच्चाई सामने आई है कि यह पुराना है। यह वीडियो 26 जुलाई 2025 का है।
फैक्ट चैक में पाया गया कि केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान का वीडियो पुराना है। यह वीडियो बिहार विधानसभा चुनाव से पहले, 26 जुलाई 2025 का है। हैरानी की बात यह है कि वीडियो के एक छोटे हिस्से को ही वायरल किया गया है, जिससे केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के बयान के संदर्भ को सही तरीके से समझा नहीं जा सकता है।
इस वीडियो में केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान बिहार की खराब कानून-व्यवस्था को लेकर बातें कर रहे हैं और साथ ही अपना रोष प्रकट कर रहे हैं। उस समय चिराग पासवान एनडीए के घटक दल का हिस्सा थे, क्योंकि बिहार में उस वक्त चुनाव का दौर था और बिहार में अचानक आपराधिक घटनाएं तेजी से बढ़ने लगी थी।
इसको लेकर तत्कालीन सरकार में मुखिया के तौर पर नीतीश कुमार ने प्रशासन को चुस्त-दुरुस्त करने के लिए कड़े निर्देश दिए थे, जिसके बाद बिहार में कानून-व्यवस्था फिर से पटरी पर आ गई थी। अब ऐसे हालात में जब सोशल मीडिया के जरिए इन दिनों बिहार के अलग-अलग हिस्सों से खासकर महिलाओं के खिलाफ अपराध के कई वीडियो वायरल हुए, तो सरकार ने तत्परता दिखाते हुए कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए तुरंत संबंधित विभाग को कड़ी कानूनी कार्रवाई के निर्देश भी दिए हैं।
उसके बाद बिहार में पुलिस-प्रशासन की तरफ से भी इन अपराधियों के खिलाफ एक्शन तेज हो गया है। बिहार में एनडीए की सरकार है, जिसमें चिराग पासवान की लोजपा (रामविलास) भी शामिल है। वहीं, केंद्र की मोदी सरकार में चिराग पासवान खुद मंत्री के तौर पर अपनी जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। इतना ही नहीं चिराग पासवान 'बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट' को लेकर पहले से ही काफी मुखर रहे हैं। ऐसे में उनके पुराने वीडियो को सोशल मीडिया पर जारी करके बिहार की सम्राट चौधरी सरकार के खिलाफ माहौल तैयार करने की कोशिश की जा रही है, ताकि दिखाया जा सके कि एनडीए के घटक दलों के बीच सबकुछ ठीक नहीं है।
इसी क्रम में वरिष्ठ पत्रकार प्रभु चावला समेत कई सोशल मीडिया अकाउंट्स से केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान का एक पुराना वीडियो शेयर किया जा रहा है, जिसमें वह मीडिया से बातचीत में कहते हैं, ''प्रशासन पूरी तरह से निकम्मा हो चुका है और अब इनके बस का नहीं है, बिहार और बिहारियों को सुरक्षित रखना। ऐसे में पुन: एक बार मैं बिहार सरकार से आग्रह करूंगा, जरूरी है कि समय रहते हुए इस पर कार्रवाई करने की। मुझे इस बात का दुख होता है कि मैं ऐसी सरकार का समर्थन करता हूं, जहां पर अपराध पूरी तरह से बेलगाम हो चुका है।"
--आईएएनएस
एसके/एबीएम

