बिहार में अब किसी प्रकार के डर और भय का वातावरण नहीं: सीएम नीतीश कुमार
मोतिहारी, 17 जनवरी (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शनिवार को अपनी समृद्धि यात्रा के क्रम में पूर्वी चंपारण जिला पहुंचे, जहां उन्होंने विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस मौके पर सीएम ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए पूर्ववर्ती सरकार पर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि 2005 के पहले बिहार में लोग शाम होते ही घर से बाहर नहीं निकलते थे, और हिंदू और मुसलमानों में भी बराबर विवाद होते रहते थे, लेकिन जब हम लोगों को सेवा करने का मौका मिला, तो हम लोगों ने सभी लोगों के लिए काम किया।
उन्होंने कहा कि बिहार में किसी प्रकार के डर और भय का वातावरण नहीं है। सभी लोग मिलकर रह रहे हैं। भाईचारा और शांति का माहौल है। शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में काम किए गए। छात्र-छात्राओं के लिए पोशाक योजना शुरू की गई। शिक्षकों की बहाली कराई गई।
उन्होंने इस दौरान पूर्वी चंपारण जिले के विकास को लेकर रूपरेखा भी रखी। कार्यक्रम के बाद वे प्रदर्शनी स्थल पर लगाए गए विभिन्न विभागों और योजनाओं के स्टॉल देखे। मुख्यमंत्री ने कहा कि जीविका दीदियों का भी बहुत अच्छा स्टॉल लगा हुआ है। उन्होंने वहां मौजूद महिलाओं से बातचीत की और उनके उत्पादों की सराहना की। सीएम नीतीश कुमार ने इस दौरान विभिन्न योजनाओं का निरीक्षण भी किया तथा अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी की।
वहीं, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में 50 लाख लोगों को सरकारी नौकरी और रोजगार दिया गया है और अब एक करोड़ नौकरी और रोजगार का लक्ष्य है। इसके लिए राज्य में उद्योगों का जाल बिछाया जा रहा है। उद्योगों को आगे बढ़ाने के लिए बिहार में देश की सबसे अच्छी उद्योग नीति बनाई गई है। बिहार में उद्योग कॉरिडोर बनाया जा रहा है, इसके साथ ही रोजगार को बढ़ावा देने के लिए बिहार में डिफेंस कॉरिडोर का भी निर्माण कराया जाएगा।
चौधरी ने कहा, "मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार को बदलने का काम किया है। 2005 से पहले यहां सड़कें, बिजली, साफ पेयजल और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति बेहद खराब थी। पटना से मोतिहारी आने में सात से आठ घंटे लगते थे, लेकिन आज यह दूरी चार घंटे में तय हो रही है। बिहार में अब एक्सप्रेस-वे का जाल बिछाया जा रहा है। रक्सौल में एयरपोर्ट का भी निर्माण कराया जा रहा है।"
उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ समृद्धि यात्रा के दौरान पूर्वी चंपारण पहुंचे। मोतिहारी के गांधी मैदान में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर, मोतिहारी में विराट रामायण मंदिर निर्माण के बाद अब सीतामढ़ी के पुनौराधाम में मां जानकी की जन्मस्थली पर भव्य जानकी मंदिर का निर्माण कराया जा रहा है। बिहार में विकास के साथ-साथ धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण हो रहा है।
--आईएएनएस
एमएनपी/एएसएच

