Samachar Nama
×

बिहार में नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार की हत्या, कारणों की जांच में जुटी पुलिस

बिहार में नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार की हत्या, कारणों की जांच में जुटी पुलिस
बिहार में नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार की हत्या, कारणों की जांच में जुटी पुलिस

औरंगाबाद, 2 अगस्त (आईएएनएस)। बिहार के औरंगाबाद जिले में डेहरी-डालमियानगर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार की हत्या से प्रशासनिक महकमे में सनसनी फैल गई है। यह वारदात बारुण थाना क्षेत्र के धनौती पुल के पास शनिवार की देर रात हुई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, विमल कुमार देर रात अपनी कार से डेहरी से पटना जा रहे थे। इसी दौरान धनौती पुल के समीप अज्ञात अपराधियों ने उनकी कार को ओवरटेक कर रुकवा लिया। बदमाशों ने पहले चालक को अपने कब्जे में लिया और फिर विमल कुमार के साथ बेरहमी से मारपीट की। उनके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं।

घटना के बाद गंभीर रूप से घायल विमल कुमार को तत्काल जमुहार स्थित नारायण मेडिकल कॉलेज और अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि मृतक के शरीर पर मारपीट और धारदार हथियार से हमले के गंभीर निशान मिले हैं। उन्होंने कहा कि गोली लगने की बात अभी स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

पुलिस अधिकारियों ने रविवार को बताया है कि हत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

विमल कुमार मूल रूप से गया जिले के शेरघाटी के निवासी थे, जबकि उनका परिवार वर्तमान में पटना में रहता है। उनकी हत्या की खबर से प्रशासनिक अधिकारियों और परिजनों में शोक का माहौल है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का दावा है कि घटना में शामिल अपराधियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

--आईएएनएस

एमएनपी/डीसीएच

Share this story

Tags