Samachar Nama
×

बिहार : मामूली विवाद में बेटे ने पिता को मार डाला, आरोपी गिरफ्तार

बिहार : मामूली विवाद में बेटे ने पिता को मार डाला, आरोपी गिरफ्तार
बिहार : मामूली विवाद में बेटे ने पिता को मार डाला, आरोपी गिरफ्तार

भभुआ, 1 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार के कैमूर जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। चैनपुर थाना क्षेत्र के इस्माइलपुर गांव में मामूली विवाद में एक बेटे ने अपने ही पिता की लाठी-डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने मामले में आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।

मृतक की पहचान बरकट्टा टोला निवासी चुल्हन बिंद (60) के रूप में हुई है। घटना मंगलवार रात की है। पुलिस ने बुधवार को शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

बताया गया कि सोनू बिंद ने घर के गलियारे में बकरी बांध रखी थी। पिता चुल्हन बिंद ने उससे रास्ते से बकरी हटाकर दूसरी जगह बांधने को कहा। इसी बात पर सोनू नाराज हो गया और पिता से कहासुनी करने लगा। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि उसने लाठी-डंडे से अपने पिता पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद परिजन घायल चुल्हन बिंद को चैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। सदर अस्पताल के चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बाहर भेज दिया। परिजन उन्हें वाराणसी लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। वृद्ध की मौत के बाद परिजन शव लेकर चैनपुर थाना पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी।

चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने आईएएनएस को बताया कि मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सोनू बिंद को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। गांव के लोग भी इस वारदात से स्तब्ध हैं।

--आईएएनएस

एमएनपी/एसके

Share this story

Tags