बिहार: मैथिली ठाकुर ने बांकीपुर में भाजपा की जीत का किया दावा, सोशल मीडिया पर सख्त कानून का समर्थन
पटना, 21 जुलाई (आईएएनएस)। भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर ने सोशल मीडिया पर गुमराह करने वाली पोस्ट और सट्टेबाजी के खिलाफ प्रस्तावित कानून का समर्थन किया। साथ ही, उन्होंने बांकीपुर उपचुनाव, विधानसभा से तेजस्वी यादव की गैर-मौजूदगी और स्कूलों को भगवा रंग में रंगने के मुद्दे पर भी टिप्पणी की।
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव पर भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर ने आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा, "लोगों ने पहले ही मन बना लिया है। जमीन पर हर जगह भाजपा कार्यकर्ता ही नजर आ रहे थे। मुझे तो पता ही नहीं चला कि दूसरी पार्टियों के उम्मीदवार भी चुनाव लड़ रहे हैं। कल मैं चुनाव प्रचार के लिए दो अलग-अलग मंडलों में गई थी और हर जगह लोग भारतीय जनता पार्टी के समर्थन में नारे लगा रहे थे। जनता में बहुत उत्साह था और भाजपा को पूरा समर्थन भी मिल रहा था।"
गुमराह करने वाली सामग्री पोस्ट करने या सट्टेबाजी को बढ़ावा देने वालों के लिए लाए गए नए बिल पर भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर कहती हैं, "इस बिल के कई अलग-अलग पहलू हैं। हमें सबसे पहले यह मानना होगा कि आज हमारे जीवन पर इंटरनेट का बहुत बड़ा असर है। सिर्फ मशहूर हस्तियां ही नहीं, बल्कि आम लोगों को भी ऐसी स्थितियों का सामना करना पड़ता है, जब फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म पर दोस्तों या दूसरों की ओर से आपत्तिजनक टिप्पणियां पोस्ट की जाती हैं, जिससे उनके जीवन में मानसिक तनाव पैदा होता है।"
उन्होंने कहा कि इस तरह के कानून आने से बहुत लाभ होगा, लोग अपनी भाषा पर नियंत्रण लाएंगे।
विधानसभा से तेजस्वी यादव की गैर-मौजूदगी पर मैथिली ठाकुर ने कहा कि जितनी जरूरी सत्ता पक्ष की बातें हैं, उतनी ही जरूरी विपक्ष के सवाल हैं। विपक्ष की गैर-मौजूदगी से चर्चा पर असर निश्चित तौर पर पड़ता है।
बिहार में स्कूलों को भगवा रंग में रंगने के मुद्दे पर भाजपा विधायक ने कहा कि मैं इसे मेंटेनेंस के तौर पर देख रही थी। कई स्कूलों को कलर किया जा रहा है और कई सारे मॉडर्न स्कूलों का उद्घाटन भी किया जा रहा है।
--आईएएनएस
एएसएच/एबीएम

