Samachar Nama
×

बिहारः मैथिली ठाकुर के जमीन विवाद में प्रशासन की कार्रवाई, पोखरभिंडा में सरकारी रास्ते से हटाया गया अतिक्रमण

बिहारः मैथिली ठाकुर के जमीन विवाद में प्रशासन की कार्रवाई, पोखरभिंडा में सरकारी रास्ते से हटाया गया अतिक्रमण
बिहारः मैथिली ठाकुर के जमीन विवाद में प्रशासन की कार्रवाई, पोखरभिंडा में सरकारी रास्ते से हटाया गया अतिक्रमण

दरभंगा, 14 नवंबर (आईएएनएस)। अलीनगर की भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर और उनके पिता रमेश ठाकुर से जुड़े जमीन विवाद में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। तारडीह प्रखंड के पोखरभिंडा गांव में ग्रामीणों की शिकायत पर डीसीएलआर, अंचलाधिकारी समेत अन्य अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने जमीन की पैमाइश कराई और सरकारी रास्ते पर किए गए अतिक्रमण को हटवाया। साथ ही, सरकारी जमीन पर किए गए निर्माण को भी हटा दिया गया।

दरअसल, पोखरभिंडा गांव के ग्रामीणों ने विधायक मैथिली ठाकुर के पिता रमेश ठाकुर पर सरकारी सड़क, निजी जमीन, ग्राम देवता तिवारी बाबा स्थान, राधा-कृष्ण मंदिर और सामूहिक श्राद्धस्थल की जमीन पर अतिक्रमण करने का आरोप लगाया था। इसे लेकर भगवान मिश्र, गगन कुमार मिश्र, संतोष कुमार सिंह, प्रेमचंद मिश्र, रामदाय देवी, रामउदार मिश्र समेत कई ग्रामीणों ने अंचल प्रशासन से शिकायत की थी। ग्रामीणों की शिकायत के बाद प्रशासन की टीम गांव पहुंची और जमीन की पैमाइश कराई। शुरुआती जांच में सरकारी रास्ते पर पक्का निर्माण कर अतिक्रमण किए जाने की बात सामने आई, जिसके बाद अधिकारियों ने मौके पर ही अतिक्रमण हटवा दिया।

मौके पर मौजूद डीसीएलआर अजय कुमार ने बताया कि प्रारंभिक मापी में सरकारी रास्ते पर अतिक्रमण पाया गया, जिसे तत्काल हटवा दिया गया है। वहीं, अन्य शिकायतकर्ताओं को शनिवार को अंचल कार्यालय बुलाया गया है। वहां संबंधित दस्तावेजों और शिकायतों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, मंदिर की जमीन पर कब्जे से जुड़ी शिकायत के संबंध में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि संबंधित स्थल मधुबनी जिले की सीमा में आता है। ऐसे में शिकायतकर्ताओं को मधुबनी जिला प्रशासन के समक्ष अपनी शिकायत रखने की सलाह दी गई है।

फिलहाल प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद गांव में जमीन विवाद का मामला एक बार फिर चर्चा में है। अब अन्य शिकायतों और दस्तावेजों की जांच के बाद प्रशासन की अगली कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं।

एक ग्रामीण ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "विवाद यह है कि मैथिली ठाकुर ने घर बनाने के लिए जमीन खरीदी। जमीन लेते समय वहां 'बाबा डिहवार' की सरकारी जमीन थी, जो पीढ़ियों से चली आ रही थी और श्मशान घाट के रूप में इस्तेमाल होती थी। हमारे समुदाय के सभी लोग वहां अंतिम संस्कार करते थे। उन्होंने उस पूरी जमीन पर कब्ज़ा कर लिया और अपनी सड़क बना ली। उन्होंने वहां की सीमाएं भी हटा दीं और उखाड़ फेंकीं, ताकि वे अपने घर आने-जाने के लिए रास्ता बना सकें। वहां हमारे पूर्वजों का एक स्मारक भी था, जिसे उन्होंने खोदकर फेंक दिया।"

--आईएएनएस

ओपी/पीएम

Share this story

Tags