Samachar Nama
×

बिहार: मधेपुरा में एक करोड़ रुपए के स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार, टेम्पू जब्त

बिहार: मधेपुरा में एक करोड़ रुपए के स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार, टेम्पू जब्त
बिहार: मधेपुरा में एक करोड़ रुपए के स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार, टेम्पू जब्त

मधेपुरा, 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार के मधेपुरा जिले में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब एक करोड़ रुपए बाजार मूल्य का 460 ग्राम स्मैक बरामद किया है। पुलिस ने मौके से एक तस्कर को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका दूसरा सहयोगी फरार होने में सफल रहा। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे टेम्पू को भी जब्त कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, आगामी पर्व-त्योहारों और पंचायत चुनाव को देखते हुए जिले में अपराध नियंत्रण तथा अवैध हथियार, मादक पदार्थ और शराब की बरामदगी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 16 और 17 अक्टूबर की मध्यरात्रि सदर थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली कि एक टेम्पू पर सवार दो लोग भारी मात्रा में मादक पदार्थ लेकर खोपैती गांव की ओर जाने वाले हैं। सूचना मिलते ही सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

टीम में सदर थानाध्यक्ष विमलेन्दु कुमार, मठाही पुलिस शिविर प्रभारी शिवानी कुमारी, दंडाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस टीम ने खोपैती-मुड़बल्ला की ओर जाने वाली सड़क पर घेराबंदी कर जांच शुरू की। इसी दौरान चकला की ओर से एक टेम्पू आता दिखाई दिया। पुलिस के अनुसार, टेम्पू की रोशनी पुलिस बल पर पड़ते ही चालक ने वाहन रोककर उसे वापस मोड़ने का प्रयास किया। टेम्पू नहीं मुड़ने पर उस पर सवार दोनों व्यक्ति उतरकर भागने लगे।

पुलिस ने पीछा कर एक व्यक्ति को पकड़ लिया, जबकि दूसरा फरार हो गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान धीरेंद्र कुमार (28) के रूप में हुई है। वह मधेपुरा जिले के खोपैती गांव के वार्ड संख्या आठ का निवासी है। तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद मैरून रंग के बैग से सफेद प्लास्टिक में रखे पांच पॉकेट बरामद किए गए। इनमें स्मैक जैसा दिखने वाला करीब 460 ग्राम मादक पदार्थ मिला। इस मामले में मधेपुरा सदर थाने में कांड संख्या 1034/26 दर्ज किया गया है।

पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(सी) और 21(सी) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस ने कहा कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत अभियान जारी रहेगा।

--आईएएनएस

एमएनपी/डीकेपी

Share this story

Tags