Samachar Nama
×

'बिहार को बदहाल करने में एनडीए की सबसे बड़ी भूमिका', शक्ति यादव का पीएम मोदी पर हमला

'बिहार को बदहाल करने में एनडीए की सबसे बड़ी भूमिका', शक्ति यादव का पीएम मोदी पर हमला
'बिहार को बदहाल करने में एनडीए की सबसे बड़ी भूमिका', शक्ति यादव का पीएम मोदी पर हमला

पटना, 21 नवंबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के मुख्य प्रवक्ता शक्ति यादव ने बिहार में भ्रष्टाचार, विकास और विशेष राज्य के दर्जे के मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा एनडीए सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में हजारों करोड़ रुपए के सरकारी खजाने का हिसाब नहीं मिल रहा है, लेकिन सरकार भ्रष्टाचार के मामलों पर पर्दा डालने और अधिकारियों तथा मंत्रियों को बचाने में लगी है। शक्ति यादव ने सरकार के कार्यकाल और केंद्र की ओर से बिहार को दिए गए योगदान पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बिहार को बदहाल करने में एनडीए की सबसे बड़ी भूमिका रही है। इसके अलावा, उन्होंने राजस्थान पंचायत चुनाव के नतीजों, मणिपुर में जहरीली शराब से हुई मौतों और सिंधु जल समझौते पर भी प्रतिक्रिया दी।

शक्ति यादव ने प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार में संस्थागत भ्रष्टाचार और लूट के प्रमाण होने के बावजूद उन्हें छिपाने का प्रयास किया जा रहा है। हजारों करोड़ रुपये के सरकारी खजाने का हिसाब उपलब्ध नहीं है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों और मंत्रियों को बचाया जा रहा है। भ्रष्टाचार में शामिल लोगों को संरक्षण देने के लिए ऊपर से नीचे तक एक व्यवस्था बनाई गई है। उन्होंने महालेखाकार की आपत्तियों का हवाला देते हुए कहा कि बिहार के हजारों करोड़ रुपए के हिसाब नहीं मिल रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि प्रधानमंत्री बिहार दौरे पर आए थे तो इन मुद्दों पर जवाब क्यों नहीं दिया।

राजद प्रवक्ता ने बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने के वादे की याद दिलाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को मां गंगा की कसम देकर अपने वचन पर कायम रहने की मांग की गई थी। उन्होंने सवाल किया कि केंद्र सरकार जिस 36 हजार करोड़ रुपए की बात कर रही है, उसे बिहार के लिए विशेष पैकेज कैसे बताया जा सकता है, जबकि यह राशि अन्य राज्यों को भी मिलती है। बिहार से गुजरने वाली सड़कें यदि दूसरे राज्यों को जोड़ती हैं तो इसे बिहार के लिए विशेष आर्थिक पैकेज नहीं माना जा सकता। शक्ति यादव ने कहा कि 2004 के बाद दुनिया में आर्थिक विकास का दौर आया और तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की सरकार ने कई योजनाएं शुरू कीं, जिनका लाभ राज्यों को मिला। पिछड़े राज्यों के लिए फंड गठित किया गया और बिहार को भी उसका फायदा मिला। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और तत्कालीन ग्रामीण विकास मंत्री वेंकैया नायडू के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय 200 पिछड़े जिलों का चयन किया गया था, लेकिन बिहार और झारखंड का एक भी जिला उसमें शामिल नहीं था।

उन्होंने आरोप लगाया कि एनडीए सरकार यूपीए के कार्यकाल में हुए विकास का श्रेय ले रही है। लालू प्रसाद यादव के केंद्र में रहने के दौरान बिहार ने विकास किया, जबकि वर्ष 2014 के बाद प्रदेश लगातार गिरावट की ओर गया। उन्होंने तेजस्वी यादव और नीतीश कुमार के महागठबंधन सरकार के कार्यकाल में गंगा नदी पर पुल निर्माण का काम शुरू होने का उल्लेख करते हुए कहा कि अब कुछ लोग केवल तस्वीर खिंचवाने और उसका श्रेय लेने पहुंच जाते हैं। उन्होंने इसे दिखावे की राजनीति बताते हुए कहा कि लोकतंत्र में लोकलज्जा का भी स्थान होता है।

राजस्थान के पंचायत चुनाव परिणामों पर शक्ति यादव ने कहा कि देश की जनता भाजपा के कामकाज और कथित कुकृत्यों से परिचित हो चुकी है। अब भाजपा के लिए मुश्किल समय आने वाला है। देश आर्थिक बोझ से दब चुका है और बिहार की स्थिति भी बदहाल है। जनता अब सरकार के दावों और वास्तविक परिस्थितियों के बीच अंतर समझ रही है।

सिंधु जल समझौते पर राजद प्रवक्ता ने कहा कि भारत ने स्पष्ट कर दिया है कि इस मुद्दे पर किसी तरह का समझौता नहीं किया जा सकता। भारत अपने हितों से समझौता किए बिना मैत्रीपूर्ण वातावरण में मुद्दों को आगे बढ़ा सकता है। विवाद से जुड़े सवालों को सही दिशा में ले जाने के लिए बातचीत और बेहतर वातावरण जरूरी है, लेकिन देश के हितों से समझौता नहीं होना चाहिए।

मणिपुर में शराब पीने से हुई मौतों को लेकर शक्ति यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जहां-जहां भाजपा की सरकार है, वहां लोगों को अलग-अलग समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। मणिपुर की घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने राज्य में महिलाओं के साथ हुई घटना और उससे दुनिया में भारत की छवि पर पड़े असर की बात कही। भाजपा के शासन में महंगाई, अपराध और सामाजिक समस्याएं बढ़ी हैं। साथ ही उन्होंने कॉर्पोरेट जगत को दिए जा रहे कथित आर्थिक लाभों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि हजारों करोड़ रुपए की सहायता के बावजूद आम जनता की समस्याओं पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

--आईएएनएस

पीएसके

Share this story