Samachar Nama
×

बिहार: किशनगंज में 1.30 करोड़ की हेरोइन और एमडीएमए के साथ तस्कर गिरफ्तार, हथियार और नकदी भी बरामद

बिहार: किशनगंज में 1.30 करोड़ की हेरोइन और एमडीएमए के साथ तस्कर गिरफ्तार, हथियार और नकदी भी बरामद
बिहार: किशनगंज में 1.30 करोड़ की हेरोइन और एमडीएमए के साथ तस्कर गिरफ्तार, हथियार और नकदी भी बरामद

किशनगंज, 17 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार के किशनगंज जिले में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और बहादुरगंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक कथित तस्कर को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 1.30 करोड़ रुपये के अवैध मादक पदार्थ बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान बहादुरगंज थाना क्षेत्र के लोहागाड़ा हाट निवासी बब्लु गिरी के रूप में हुई है। उसके पास से 405 ग्राम ब्राउन शुगर (हेरोइन) और 183 ग्राम एमडीएमए बरामद किया गया है। बरामद मादक पदार्थों का कुल वजन 588 ग्राम है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 30 लाख रुपये बताई गई है।

बताया गया कि पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि लोहागाड़ा हाट में बब्लु गिरी अपने घर से अवैध मादक पदार्थों की तस्करी कर रहा है।

सूचना के सत्यापन के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-2 मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में एएनटीएफ और बहादुरगंज थाना पुलिस की टीम ने उसके घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान पुलिस ने मादक पदार्थों के अलावा एक देशी कट्टा, 1,01,300 रुपये नकद, छह मोबाइल फोन, छह डेबिट कार्ड, दो तलवार और एक इलेक्ट्रॉनिक तराजु बरामद किया। इसके अलावा फोन-पे के तीन स्कैनर भी जब्त किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री में शामिल होने की बात बताई है। पुलिस अब उसके गिरोह में शामिल अन्य लोगों और बरामद हेरोइन तथा एमडीएमए के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज का पता लगाने में जुटी है। पुलिस ने बताया कि मामले में बहादुरगंज थाना कांड संख्या 597/26 दर्ज किया गया है।

आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के साथ आर्म्स एक्ट के तहत भी मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, बब्लु गिरी के खिलाफ बहादुरगंज और दिघलबैंक थानों में पहले से तीन मामले दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2018 और 2019 के मारपीट, हत्या के प्रयास, चोरी, आगजनी सहित विभिन्न धाराओं के मामले तथा वर्ष 2024 का बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम से संबंधित मामला शामिल है।

पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थ तस्करी से अर्जित अवैध संपत्ति का पता लगाकर नियमानुसार उसे जब्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी। इधर, किशनगंज पुलिस द्वारा भारी मात्रा में विदेशी शराब किया गया बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार कोचाधामन थानान्तर्गत कुल 3420 लीटर विदेशी शराब तथा एक ट्रक को जब्त किया गया है।

--आईएएनएस

एमएनपी/एएसएच

Share this story

Tags