बिहार : खगड़िया में पुलिसकर्मी की पिस्तौल छीनकर भागा आरोपी गिरफ्तार, जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली
खगड़िया, 15 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार के खगड़िया जिले में वाहन जांच के दौरान पुलिसकर्मी से सरकारी पिस्तौल और मोबाइल फोन छीनकर फरार हुए एक आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
खगड़िया के पुलिस अधीक्षक भानु प्रताप सिंह ने बुधवार को बताया कि घटना बेलदौर थाना क्षेत्र के पुरवन कचरा भवन के पास की है। देर रात वाहन जांच अभियान के दौरान बेलदौर थाना के एक पुलिस अधिकारी और दो जवान संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान तीन युवक वहां पहुंचे। पुलिस द्वारा रोककर पूछताछ किए जाने पर वे उलझ गए और पुलिस टीम के साथ मारपीट का प्रयास किया। एसपी ने बताया कि इसी दौरान एक आरोपी पुलिसकर्मी की सरकारी पिस्तौल और मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही बेलदौर थाना की ओर से कंट्रोल रूम को जानकारी दी गई, जिसके बाद एसडीपीओ गोगरी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। इसमें डीआईयू और स्थानीय थाना पुलिस को भी शामिल किया गया तथा रातभर सघन छापेमारी अभियान चलाया गया। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी अखिलेश कुमार जो कुरवन वार्ड संख्या-4, थाना बेलदौर का रहने वाला है , ऊसर गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से छीनी गई सरकारी पिस्तौल और मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया।
एसपी के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद पुलिस जब आरोपी को लेकर लौट रही थी, तब उसने दोबारा पुलिस पर हमला करने का प्रयास किया। पुलिस ने पहले उसे हथियार फेंककर आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन उसने निर्देशों की अनदेखी की। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए एक राउंड फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना में कुल तीन आरोपी शामिल थे। फरार दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस रात्रि गश्त और वाहन जांच नागरिकों की सुरक्षा के लिए करती है। कानून का उल्लंघन करने और पुलिस पर हमला करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
--आईएएनएस
एमएनपी/पीएम

