बिहार के विकास में एनडीए का शानदार बजट नया कदम बढ़ाएगा : मंगल पांडे
पटना, 3 फरवरी (आईएएनएस)। बिहार विधानसभा में मंगलवार को वित्त मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश किया। इस बजट को ऐतिहासिक बताते हुए मंत्री मंगल पांडे ने कहा कि यह बजट बिहार के विकास में नया कदम बढ़ाएगा।
पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान बिहार सरकार में मंत्री मंगल पांडे ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए को जनता ने प्रचंड बहुमत दिया है। यह नई सरकार का पहला बजट है। वित्त मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने 3 लाख 47 हजार करोड़ रुपए से अधिक का बजट पेश किया है। यह बजट बिहार के विकास को नई दिशा देगा और विकास में नया कदम बढ़ाएगा। इस बजट से स्वास्थ्य विभाग नए काम करेगा। ग्रामीण अस्पतालों की व्यवस्था बेहतर की जाएगी। ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सकों की सैलरी बढ़ाई जाएगी। आधारभूत संरचना, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में काम बढ़ाया जाएगा। बुजुर्गों के लिए स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी। इन्हें बेहतर और अच्छा बनाया जाएगा। एनडीए सरकार का संकल्प है कि प्रत्येक युवा सक्षम, कुशल और आत्मनिर्भर बने, ताकि वह विकसित बिहार के निर्माण में सशक्त भागीदार की भूमिका निभा सके।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त से मुलाकात करने पर मंत्री मंगल पांडे ने कहा कि बंगाल की जनता सब देख रही है। ममता बनर्जी का रवैया ठीक नहीं है। सीएम कोलकाता से दिल्ली चली गईं और वहां विषय उठा रही हैं। लेकिन, बंगाल की जनता बाहर आकर नहीं कह रही है कि उन्हें एसआईआर से समस्या है। सड़कों पर जनता का जनसमूह इकट्ठा नहीं हो रहा है। चुनाव आयोग के निर्देश पर एसआईआर हो रहा है और इस काम में प्रदेश सरकार के अधिकारी अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। अब सवाल यह है कि ममता बनर्जी को अपने डीएम, एसडीओ पर भरोसा नहीं है। राजनीति के लिए एसआईआर का विरोध करना ठीक नहीं है। वे जनता के बीच भ्रम पैदा कर रही हैं। चुनाव आयोग तो एक स्वतंत्र संस्था है, जो नियम और नीतियों को लागू कराती है।
उन्होंने कहा कि भारत-अमेरिका साझेदारी में नया स्वर्णिम अध्याय जुड़ा है। मेड इन इंडिया उत्पादों पर टैरिफ अब 18 प्रतिशत तक कम कर दिया गया है और दोनों देशों के बीच व्यापार समझौता सफलतापूर्वक संपन्न हो गया है, जो दोनों देशों के बीच मजबूत व्यापारिक साझेदारी और साझा विकास का मार्ग प्रशस्त करता है। इस दूरदर्शी और ऐतिहासिक करार के लिए पीएम मोदी एवं अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को बधाई। यह समझौता दोनों देशों के उद्योग, व्यापार, निवेश और रोजगार के अवसरों को भी व्यापक रूप से बढ़ावा देगा।
--आईएएनएस
डीकेएम/एबीएम

