बिहार के मंत्री ने 19वें पर्यावरण और ऊर्जा सम्मेलन को किया संबोधित, कहा- नए निवेश और पहलों को पूरा सहयोग देंगे
नई दिल्ली, 10 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार के ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल ने गुरुवार को नई दिल्ली में आयोजित 19वें पर्यावरण और ऊर्जा सम्मेलन को संबोधित किया। इस प्रतिष्ठित सम्मेलन में बिहार ने 'स्टेट पार्टनर' के रूप में भाग लिया। बंगाल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (बीसीसीआई) द्वारा ले मेरिडियन में आयोजित इस सम्मेलन का विषय था- 'बदलते भू-राजनीतिक परिदृश्य में आत्मनिर्भर भारत के लिए ऊर्जा सुरक्षा।'
'हर घर बिजली: बिहार की ग्रामीण विद्युतीकरण की कहानी' विषय पर बोलते हुए मंत्री शैलेश कुमार ने कहा कि बदलते भू-राजनीतिक परिदृश्य में आत्मनिर्भर बने रहने के लिए देश की ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है। ऐसे सम्मेलन बिहार को अपनी प्रगति दिखाने और यह बताने का मौका देते हैं कि भरोसेमंद बिजली किस तरह समावेशी विकास में योगदान दे रही है।
उन्होंने कहा, "बिजली क्षेत्र में बिहार का सफर यह दिखाता है कि लगातार निवेश और राजनीतिक इच्छाशक्ति से क्या हासिल किया जा सकता है। एक समय था जब राज्य बिजली की बुनियादी सुविधा के लिए संघर्ष कर रहा था, आज हमने हर घर और हर खेत तक बिजली पहुंचाई है। ऊर्जा सुरक्षा हमारे लिए सिर्फ तकनीकी लक्ष्य नहीं, बल्कि बिहार की विकास गाथा की नींव है।"
मंत्री ने बताया कि बिहार ने बिजली उत्पादन, ट्रांसमिशन और वितरण के बुनियादी ढांचे में भारी निवेश किया है। ग्रिड, पावर सब-स्टेशन और ट्रांसमिशन लाइनों के विस्तार से आज ग्रामीण और शहरी दोनों इलाकों में 24 घंटे बिजली उपलब्ध है। राज्य की पीक पावर डिमांड 9,475 मेगावाट तक पहुंच चुकी है, जिसे पूरा करने के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर को लगातार मजबूत किया जा रहा है।
स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने की योजनाओं पर चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि राज्य सरकार अक्टूबर 2026 तक 2.5 लाख बीपीएल परिवारों को 1 किलोवाट का रूफटॉप सोलर सिस्टम देने का लक्ष्य लेकर चल रही है। इसके बाद इस योजना का दायरा दोगुना कर और 2.5 लाख बीपीएल परिवारों को इसका लाभ दिया जाएगा।
इसके साथ ही किसानों के लिए 2,560 एग्रीकल्चर फीडर के सोलराइजेशन पर भी तेजी से काम हो रहा है, ताकि किसानों को सस्ती और भरोसेमंद बिजली मिल सके। अभी तक 2,000 से 2,200 फीडर को सोलर से जोड़ा जा चुका है। उन्होंने निवेशकों और उद्योग जगत को बिहार की विकास यात्रा में शामिल होने का न्योता दिया और भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार नए निवेश और पहलों के लिए पूरा सहयोग देगी।
कार्यक्रम में ब्यूरो ऑफ एनर्जी एफिशिएंसी के डायरेक्टर जनरल कृष्ण चंद्र पाणिग्रही, इंटरनेशनल सोलर अलायंस के पूर्व डीजी डॉ. अजय माथुर, एनटीपीसी के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर विजय गोयल और जेएसडब्ल्यू एनर्जी के वाइस प्रेसिडेंट अभिषेक चटर्जी भी मौजूद थे। कार्यक्रम में बांग्लादेश, नॉर्वे और डेनमार्क जैसे देशों के प्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया।
--आईएएनएस
एससीएच/एबीएम

