बिहार के शिवहर में पुलिस ने 10.641 किलो गांजा के साथ एक बालक को पकड़ा
शिवहर, 20 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शिवहर जिले की पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। नगर थाना क्षेत्र के जाफरपुर गांव में एसआईटी की छापेमारी में पुलिस ने 10.641 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इस कार्रवाई के दौरान एक बालक को पकड़ा गया।
मामले में शिवहर थाना कांड संख्या 412/26 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए साइबर डीएसपी सह एसडीपीओ प्रभारी इशानी सिन्हा ने बताया कि पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि जाफरपुर निवासी प्रमोद गिरी के पुत्र शिवम कुमार द्वारा अवैध रूप से गांजा का क्रय-विक्रय किया जा रहा है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तत्काल एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया। इस टीम में जिला इकाई की टीम के साथ शिवहर थानाध्यक्ष को शामिल किया गया था।
इशानी सिन्हा ने बताया कि टीम ने पहले तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर प्राप्त सूचना का सत्यापन किया। सत्यापन के बाद जब सूचना सही पाई गई तो टीम ने जाफरपुर स्थित प्रमोद गिरी के घर पर छापेमारी की।
तलाशी अभियान के दौरान घर से करीब 10.641 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। बरामद मादक पदार्थ को जब्त कर लिया गया है। मौके से एक बालक को पकड़ा गया है, जिससे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि बरामद गांजा के अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी जांच की जा रही है। इस धंधे के सप्लाई चेन और इसके तार कहां-कहां जुड़े हैं, इस पर भी पुलिस काम कर रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बिहार में शराबबंदी के साथ-साथ मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर रोक लगाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। शिवहर पुलिस की यह कार्रवाई उसी अभियान का हिस्सा है। पुलिस अधीक्षक ने अवैध नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
--आईएएनएस
एसएके/एएस

