Samachar Nama
×

बिहार के रक्सौल में चार करोड़ रुपए की स्मैक बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार

बिहार के रक्सौल में चार करोड़ रुपए की स्मैक बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार
बिहार के रक्सौल में चार करोड़ रुपए की स्मैक बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार

मोतिहारी, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने करीब चार करोड़ रुपये मूल्य की 1.806 किलोग्राम स्मैक जैसा मादक पदार्थ बरामद किया है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्कॉर्पियो-एन गाड़ी, दो मोबाइल फोन और सोने जैसी धातु का एक लॉकेट भी जब्त किया है।

पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि यह कार्रवाई शुक्रवार की रात रक्सौल थाना क्षेत्र में गश्ती के दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई। सूचना मिली थी कि सफेद रंग की स्कॉर्पियो-एन गाड़ी से भारी मात्रा में स्मैक जैसा मादक पदार्थ सुगौली की ओर से लक्ष्मीपुर चेक पोस्ट होते हुए रक्सौल ले जाया जा रहा है।

सूचना मिलने के बाद वरीय पुलिस अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई। इसके बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, रक्सौल के नेतृत्व में प्रखंड कृषि पदाधिकारी और एसटीएफ मोतिहारी को शामिल करते हुए एक संयुक्त छापेमारी टीम गठित की गई। गठित टीम ने लक्ष्मीपुर चेक पोस्ट के पास छापेमारी कर संदिग्ध स्कॉर्पियो-एन वाहन की तलाशी ली। इस दौरान वाहन से 1.806 किलोग्राम स्मैक जैसा मादक पदार्थ बरामद किया गया।

पुलिस ने मौके से दो लोगों को गिरफ्तार भी किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रक्सौल थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या-14 निवासी रमेश कुमार और पलनवा थाना क्षेत्र के बहुअरवा गांव निवासी संदीप कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, संदीप कुमार का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ रक्सौल थाना में वर्ष 2025 में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।

इस मामले में रक्सौल थाना कांड संख्या 477/26 दर्ज कर पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है। पुलिस बरामद मादक पदार्थ की तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। पुलिस की इस कार्रवाई को सीमावर्ती क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के प्रयास के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, तस्करी के नेटवर्क और मादक पदार्थ के स्रोत के संबंध में विस्तृत जानकारी जांच के बाद ही सामने आएगी।

--आईएएनएस

एमएनपी/एएसएच

Share this story

Tags