Samachar Nama
×

बिहार के मंत्री मिथिलेश तिवारी बोले- कांग्रेस को संविधान नहीं, परिवार बचाने की रैली निकालनी चाहिए

बिहार के मंत्री मिथिलेश तिवारी बोले- कांग्रेस को संविधान नहीं, परिवार बचाने की रैली निकालनी चाहिए
बिहार के मंत्री मिथिलेश तिवारी बोले- कांग्रेस को संविधान नहीं, परिवार बचाने की रैली निकालनी चाहिए

पटना, 25 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार के मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी से गलती हो गई है, उसे संविधान बचाने की नहीं, बल्कि परिवार रक्षा रैली निकालनी चाहिए। तिवारी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस को कभी संविधान पर भरोसा नहीं रहा, जबकि बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर के संविधान के प्रति अगर किसी की निष्ठा है तो वह भारतीय जनता पार्टी की है।

बिहार के मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि कांग्रेस से थोड़ी गलती हो गई है। उसे अपने परिवार रक्षा रैली निकालनी चाहिए। कांग्रेस को कभी संविधान पर भरोसा नहीं रहा है। बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर ने जो संविधान इस देश को समर्पित किया, अगर उसमें किसी की निष्ठा है तो वह भारतीय जनता पार्टी की है। जो कांग्रेस पार्टी दिन-रात संविधान का मजाक उड़ाती है, उसकी पार्टी भी संविधान से चलती है। उन्होंने सीताराम केसरी के साथ क्या किया, यह सबको पता है। ये अपनी पार्टी में ही संविधान स्थापित नहीं कर पाए, तो इस देश में क्या करेंगे?

उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से दिल्ली में प्रधानमंत्री मोदी को बदनाम करने के लिए चेहरा बदल-बदलकर कभी कॉकरोच का चेहरा लेकर आते हैं, कभी कुछ और लेकर आते हैं, कभी कुछ और बोलते हैं। प्रधानमंत्री को लेकर विवादित टिप्पणी करवाते हैं, ये क्या संविधान की बात करेंगे।

मिथिलेश तिवारी ने कहा कि मैं राहुल गांधी को आज एक सलाह दूंगा कि आप परिवार बचाने के लिए रैली कर रहे हैं। आप परिवार तक ही सीमित व्यक्ति हैं। देश अब आपको स्वीकार नहीं करेगा। आप परिवार बचाने के लिए रैली करिए, आपको बहुत-बहुत शुभकामनाएं।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने अपने पिता की हत्या को लेकर इतना संवेदनशील बयान दिया है, तो उन्हें पहले देश को यह बताना चाहिए कि उस समय सरकार किसकी थी, प्रधानमंत्री कौन थे और उस सरकार को समर्थन कौन कर रहा था। अब आज नींद टूटी है इतने दिनों के बाद। इसका मतलब यह है कि राहुल गांधी को अपने सहयोगियों पर भी भरोसा नहीं है और इसीलिए वे यह बयान दे रहे हैं। सवाल यह है कि अगर भाजपा की सरकार होती, तब हम लोगों पर आरोप लगता। सरकार तो चंद्रशेखर की थी और उसे समर्थन तो उन्हीं की पार्टी दे रही थी। तो क्या देश उनके नियंत्रण में नहीं चल रहा था?

उन्होंने कहा कि उनकी मां ने जो पुस्तक लिखी है, वह इटली में लोकप्रिय हो सकती है, लेकिन देश में उनकी बातों पर कोई भरोसा नहीं करता। दूसरी बात, अगर उनकी सासू मां (पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी) ने देश पर आपातकाल थोपा था, तो क्या उसके लिए आज सोनिया गांधी माफी मांगेंगी? अगर माफी मांगेंगी, तब भी कहीं से माफी मिलना संभव नहीं है।

--आईएएनएस

केके/एबीएम

Share this story

Tags