बिहार के भागलपुर में 2 करोड़ रुपए की स्मैक के साथ दो गिरफ्तार
भागलपुर, 11 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार के भागलपुर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक किलोग्राम स्मैक (हेरोइन) जैसा पदार्थ बरामद किया है। बरामद पदार्थ की अनुमानित बाजार कीमत करीब दो करोड़ रुपए बताई गई है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में युवाओं को नशे के दुष्प्रभाव से बचाने और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए 'स्वस्थ युवा स्वस्थ भागलपुर' नाम से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत नशे के हॉटस्पॉट चिन्हित कर लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, नाथनगर थाना क्षेत्र के बाबूटोला में एक व्यक्ति द्वारा अपने परिवार के साथ मिलकर घर में अवैध मादक पदार्थ रखने और उसकी खरीद-बिक्री किए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक नगर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नगर-2, नाथनगर थानाध्यक्ष और तकनीकी शाखा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। गठित टीम बाबूटोला स्थित संदिग्ध के घर पहुंची। पुलिस को देखते ही कुछ लोग घर से बाहर निकलकर भागने लगे।
पुलिस बल ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। इसके बाद घर की तलाशी ली गई, जिसमें एक किलोग्राम स्मैक (हेरोइन) जैसा पदार्थ बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से अमलेश यादव, निवासी बाबूटोला, थाना नाथनगर और काजल देवी, पत्नी निरंजन यादव, निवासी बाबूटोला को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, बरामद स्मैक की अनुमानित बाजार कीमत करीब दो करोड़ रुपये है। इसके अलावा आरोपियों के पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। इस मामले में दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने बताया कि मादक पदार्थ के स्रोत, इसके कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
--आईएएनएस
एमएनपी/डीकेपी

