Samachar Nama
×

बिहार के आरा में महानंदा एक्सप्रेस डिरेल, इंजन समेत तीन बोगियां पटरी से उतरीं

बिहार के आरा में महानंदा एक्सप्रेस डिरेल, इंजन समेत तीन बोगियां पटरी से उतरीं
बिहार के आरा में महानंदा एक्सप्रेस डिरेल, इंजन समेत तीन बोगियां पटरी से उतरीं

आरा, 6 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार के आरा में पंडित दीनदयाल उपाध्याय–दानापुर रेलखंड पर रविवार सुबह आरा रेलवे स्टेशन के पास बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो से करीब 200 मीटर की दूरी पर अप-लाइन में अलीपुरद्वार जंक्शन-दिल्ली महानंदा एक्सप्रेस (15483) डिरेल हो गई।

हादसे में ट्रेन का इंजन, एसएलआर और एच-1 बोगी पटरी से उतर गई। घटना के बाद रेलवे महकमे में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव व मरम्मत कार्य शुरू किया।

जानकारी के अनुसार, महानंदा एक्सप्रेस सुबह करीब 4.12 बजे आरा रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो पर पहुंची थी। यहां से ट्रेन को दिल्ली की ओर रवाना होना था। बताया जा रहा है कि ट्रेन के परिचालन के दौरान किसी तकनीकी समस्या के कारण उसका सिग्नल सासाराम लाइन की ओर चला गया। इसके बाद ट्रेन आगे बढ़ी और स्टेशन से करीब 200 मीटर की दूरी पर अप लाइन में डिरेल हो गई। इंजन के साथ एसएलआर और एच-1 कोच के पटरी से उतरने के बाद रेलवे कर्मियों ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।

रेलवे कर्मचारियों ने राहत कार्य करते हुए पटरी से उतरी तीनों बोगियों को दोबारा ट्रैक पर चढ़ाया। घटना के बाद रेल परिचालन प्रभावित होने की सूचना है। रेलवे की तकनीकी टीम मौके पर पहुंचकर ट्रैक और सिग्नल सिस्टम की जांच में जुटी है। रेलवे अधिकारी पूरे घटनाक्रम की जांच कर रहे हैं कि सिग्नल सासाराम लाइन की ओर क्यों गया और इसी वजह से ट्रेन गलत दिशा में कैसे चली गई।

हादसे में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि, सुबह के समय हुई इस घटना से यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। रेलवे की ओर से परिचालन सामान्य करने के लिए युद्धस्तर पर काम किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही घटना के कारणों और जिम्मेदारी को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

--आईएएनएस

डीसीएच/

Share this story

Tags