Samachar Nama
×

बिहार: कटिहार में बस और पिकअप की भीषण टक्कर, 10 की मौत, कई घायल

कटिहार, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार के कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र में शनिवार की शाम एक यात्री बस और पिकअप वैन के बीच हुई टक्कर में 10 लोगों की मौत हो गई। इस घटना में कई लोग घायल होने की सूचना है।

पुलिस के मुताबिक, यह घटना गेड़ाबाड़ी की है। यहां राष्ट्रीय राजमार्ग-31 के बसगाड़ा चौक बकरी फार्म के पास हुई। इस घटना के बारे में बताया जा रहा है कि पिकअप सवार लोग किसी धार्मिक अनुष्ठान में भाग लेकर लौट रहे थे।

इसी दौरान तेज रफ्तार बस ने पिकअप वैन को टक्कर मार दी। इस आमने-सामने की टक्कर में 10 लोगों की मौत हो गई है। कटिहार पुलिस ने एक बयान जारी कर कहा कि आज शनिवार को कटिहार जिले के थाना कोढ़ा क्षेत्र अंतर्गत गेड़ाबाड़ी के समीप एक बस एवं पिकअप वाहन के बीच भीषण सड़क दुर्घटना घटित हुई, जिसमें अब तक 10 व्यक्तियों की मृत्यु हुई है।

घटना की सूचना प्राप्त होते ही स्थानीय पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ किया गया। दुर्घटना में घायल लगभग 25 व्यक्तियों को प्राथमिक उपचार के उपरांत बेहतर इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भेजा जा रहा है।

पुलिस का दावा है कि घटनास्थल पर विधि-व्यवस्था पूर्णतः नियंत्रण में है तथा यातायात व्यवस्था को भी सुचारू किया जा रहा है। इधर, सभी शवों को पुलिस अपने कब्जे में ले लिया है। घटना के बाद इस मार्ग पर आवागमन प्रभावित हुआ है। घटना के तुरंत बाद पुलिस पहुंच गई और राहत और बचाव में जुट गई। मृतकों की अब तक पहचान नहीं हो पाई है। घायलों में कई की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

--आईएएनएस

एमएनपी/डीएससी

Share this story

Tags