Samachar Nama
×

बिहार का पहला लैपटॉप मैन्युफैक्चरिंग स्टार्टअप लांच, विधायक संजीव चौरसिया ने की शुरुआत

पटना, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार सरकार प्रदेश में उद्योग को बढ़ावा देने के लिए हर संभव कोशिश कर रही है। इस बीच, बिहार के औद्योगिक इकोसिस्टम को मजबूत करने की दिशा में आईकान स्पाईरल इलेक्ट्रोनिक्स ने पटना बिहटा के बियाडा इंडस्ट्रियल एरिया में गुरुवार को अपने स्वदेशी रूप से असेंबल किए गए लैपटॉप, ऑल-इन-वन पीसी, टैबलेट और मिनी पीसी की श्रृंखला को लांच किया है।

पटना के दीघा के विधायक संजीव चौरसिया और बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष रामलाल खेतान ने इसकी शुरुआत की। बताया गया कि यह पहल बिहार में इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में एक शुरुआती संगठित प्रयासों में से एक है, जो राज्य को उपभोग-आधारित अर्थव्यवस्था से उत्पादन-आधारित अर्थव्यवस्था की ओर ले जाने में योगदान दे रही है। इस मैन्युफैक्चरिंग यूनिट का उद्घाटन पूर्व उद्योग मंत्री नीतिश मिश्रा ने किया था।

आईकान स्पाईरल इलेक्ट्रोनिक्स मेक इन इंडिया, डिजिटल इंडिया, स्टार्ट अप इंडिया और प्रोडक्शन लिंक्ड इंसेंटिव स्कीम फॉर आईटी हार्डवेयर जैसी राष्ट्रीय पहलों के अनुरूप कार्य करते हुए, देश में मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा देने के साथ-साथ किफायती और विश्वसनीय कंप्यूटिंग समाधान उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखता है।

कंपनी की स्थापना भागलपुर निवासी अनामिका सिंह और अनुपम सिंह द्वारा की गई है, जो वैश्विक अनुभव तथा स्थानीय क्रियान्वयन का अनूठा संयोजन लेकर आए हैं। अनामिका सिंह के पास अफ्रीका और भारत में रणनीति, मार्केटिंग और बिजनेस डेवलपमेंट का दो दशकों से अधिक का अनुभव है।

उन्होंने बताया कि हमारा प्रयास बिहार के औद्योगिक और डिजिटल विकास को गति देना है। बिहार में एक स्केलेबल इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम बनाने पर केंद्रित है। इससे मैन्युफैक्चरिंग और सेवा क्षेत्रों में रोजगार सृजन होगा। हमारा प्रयास इलेक्ट्रॉनिक्स असेंबली और टेस्टिंग में कौशल विकास का भी है, जिससे आयातित आईटी हार्डवेयर पर निर्भरता में कमी आ सके।

अनामिका सिंह स्पाईरल आईकान होल्डिंग्स, बोत्सवाना की संस्थापक एवं निदेशक भी हैं, जो एक ओईएम इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग कंपनी है और आईकान ब्रांड के तहत लैपटॉप, एआई ओपीसी, मिनी पीसी और टैबलेट का निर्माण करती है, जिनका उपयोग सरकारी और निजी शिक्षा क्षेत्र में किया जाता है।

--आईएएनएस

एमएनपी/डीकेपी

Share this story

Tags