Samachar Nama
×

बिहार: जदयू एमएलसी प्रत्याशी नीरज कुमार की तबीयत बिगड़ी, पटना के मेदांता अस्पताल के आईसीयू में भर्ती

बिहार: जदयू एमएलसी प्रत्याशी नीरज कुमार की तबीयत बिगड़ी, पटना के मेदांता अस्पताल के आईसीयू में भर्ती
बिहार: जदयू एमएलसी प्रत्याशी नीरज कुमार की तबीयत बिगड़ी, पटना के मेदांता अस्पताल के आईसीयू में भर्ती

पटना, 20 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार में विधान परिषद चुनाव के बीच जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के एमएलसी प्रत्याशी नीरज कुमार की तबीयत अचानक बिगड़ गई। तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें पटना के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल वह अस्पताल के आईसीयू में डॉक्टरों की निगरानी में हैं और उनका इलाज जारी है।

मिली जानकारी के अनुसार, नीरज कुमार सोमवार को बिहार के सिवान जिले में पूजा के दौरान मौजूद थे। इसी दौरान उन्हें सीने में दर्द की शिकायत हुई। उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद परिजनों और सहयोगियों ने उन्हें तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था की। इसके बाद उन्हें आनन-फानन में पटना लाया गया, जहां सोमवार देर शाम मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में भर्ती होने के बाद चिकित्सकों ने उनकी स्थिति को देखते हुए उन्हें आईसीयू में रखा है।

डॉक्टरों की टीम उनकी सेहत पर लगातार नजर बनाए हुए है। फिलहाल उनकी स्थिति को लेकर विस्तृत चिकित्सकीय जानकारी सामने नहीं आई है। बताया जाता है कि उन्होंने सीने में दर्द की शिकायत की थी। नीरज कुमार की तबीयत बिगड़ने की खबर ऐसे समय में आई है, जब बिहार में विधान परिषद की आठ सीटों के लिए चुनावी सरगर्मी तेज है। वह पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के समर्थित प्रत्याशी हैं।

इस सीट पर उनका मुकाबला जन सुराज के उम्मीदवार अनुज सिंह से माना जा रहा है। पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का चुनाव इस बार राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। एनडीए की ओर से जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार चुनाव मैदान में हैं, जबकि जन सुराज के अनुज सिंह भी अपनी दावेदारी को मजबूत करने में जुटे हैं।

दोनों प्रत्याशियों के बीच मुकाबले को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा है। चुनावी गतिविधियों के बीच नीरज कुमार के अस्पताल में भर्ती होने की खबर से उनके समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं की चिंता बढ़ गई है। फिलहाल सभी की नजरें उनके स्वास्थ्य में सुधार और चिकित्सकों की ओर से जारी होने वाली आधिकारिक जानकारी पर टिकी हैं।

--आईएएनएस

एमएनपी/डीकेपी

Share this story

Tags