Samachar Nama
×

बिहार: जहानाबाद में लापता टाइगर मोबाइल जवान का शव दरधा नदी से बरामद, हत्या की आशंका

बिहार: जहानाबाद में लापता टाइगर मोबाइल जवान का शव दरधा नदी से बरामद, हत्या की आशंका
बिहार: जहानाबाद में लापता टाइगर मोबाइल जवान का शव दरधा नदी से बरामद, हत्या की आशंका

जहानाबाद, 7 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार के जहानाबाद जिले में स्मैक तस्करों के खिलाफ अभियान के दौरान लापता हुए टाइगर मोबाइल के जवान धनेश्वर कुमार का शव शनिवार सुबह दरधा नदी से बरामद किया गया। जवान गुरुवार रात से लापता थे।

नदी किनारे शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस हत्या की आशंका को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात नगर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि एक स्मैक सप्लायर मादक पदार्थों की बड़ी खेप लेकर जहानाबाद पहुंचने वाला है।

इस सूचना के आधार पर टाइगर मोबाइल के तीन जवानों को शहर के एक इलाके में पास भेजा गया था। बताया जाता है कि पुलिसकर्मियों ने वहां पहुंचकर सप्लायर और उसके सहयोगियों को देखा। इसी दौरान पुलिस की भनक लगने पर अफरातफरी मच गई। जवानों ने सप्लायर को पकड़ने की कोशिश की तो गिरोह के सदस्यों ने विरोध किया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच हाथापाई और झड़प हो गई।

इस दौरान धनेश्वर कुमार लापता हो गए। घटना के बाद से पुलिस उनकी तलाश कर रही थी। शनिवार सुबह काको थाना क्षेत्र के नदियावां गांव के पास दरधा नदी किनारे उनका शव बरामद हुआ। शव के पास से उनका पर्स भी मिला है। शव मिलने की सूचना पर पुलिस अधीक्षक दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले में एक व्यक्ति को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया है।

वहीं, घटना के दौरान जवान के साथ मौजूद दो अन्य पुलिसकर्मियों से भी पूछताछ की जा रही है। मूल रूप से भोजपुर जिले के आरा निवासी धनेश्वर यादव की मौत से पुलिस महकमे और उनके परिजनों में शोक है। शुरुआती आशंका है कि जवान के साथ कोई अनहोनी हुई और बाद में शव नदी में फेंक दिया गया। हालांकि, उनकी मौत के कारणों और घटना की पूरी परिस्थितियों का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की छानबीन कर रही है।

--आईएएनएस

एमएनपी/डीएससी

Share this story

Tags