Samachar Nama
×

बिहार: हाजीपुर के होटल की दाल में कॉकरोच मिलने पर लाइसेंस निलंबित, पटना में कई प्रतिष्ठानों में मिलीं खामियां

बिहार: हाजीपुर के होटल की दाल में कॉकरोच मिलने पर लाइसेंस निलंबित, पटना में कई प्रतिष्ठानों में मिलीं खामियां
बिहार: हाजीपुर के होटल की दाल में कॉकरोच मिलने पर लाइसेंस निलंबित, पटना में कई प्रतिष्ठानों में मिलीं खामियां

पटना, 22 अक्टूबर (आईएएनएस)।बिहार में त्योहारों के दौरान लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ जांच अभियान तेज कर दिया है। हाजीपुर के साहू होटल में दाल तड़का में कॉकरोच मिलने की शिकायत के बाद खाद्य लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं, पटना में केएफसी, बार्बेक्यू नेशन और पिज्जा हट समेत कई प्रतिष्ठानों में स्वच्छता और खाद्य पदार्थों के भंडारण में कमियां मिलने पर सुधार के लिए 14 दिनों का नोटिस जारी किया गया है।

स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने गुरुवार को बताया कि हाजीपुर के राजेंद्र चौक स्थित मेसर्स साहू होटल के तड़का में कॉकरोच मिलने की शिकायत खाद्य संरक्षा आयुक्त कार्यालय को मिली थी। इसके बाद 21 अक्टूबर को वैशाली जिले के खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया। इस दौरान किचन में गंदगी और तैयार खाद्य पदार्थों को खुले में अस्वच्छ स्थान पर रखे जाने की बात सामने आई।

इन अनियमितताओं को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों का उल्लंघन मानते हुए लाइसेंसिंग प्राधिकरण ने 22 अक्टूबर से होटल का खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दिया। बिना वैध लाइसेंस प्रतिष्ठान के संचालन पर भी रोक लगा दी गई है। इससे पहले 21 अक्टूबर को पटना के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया था। खाद्य संरक्षा अधिकारियों ने केएफसी, बार्बेक्यू नेशन और पिज्जा हट सहित कई आउटलेट से खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे।

निरीक्षण के दौरान बार्बेक्यू नेशन के केपी मॉल स्थित आउटलेट में खराब दुर्गंध वाला 30 किलोग्राम पनीर और चार किलोग्राम चावल जब्त कर नष्ट कराया गया। वॉश एरिया में भंडारण के कारण 15 किलोग्राम पैक्ड चिकन के इस्तेमाल पर रोक लगाई गई। वन मॉल स्थित बार्बेक्यू नेशन में ब्रेड के पैकेट में कीड़े मिले, जबकि जले हुए तेल को भी जब्त कर नष्ट कराया गया। केएफसी के बोरिंग कैनाल रोड स्थित आउटलेट में औद्योगिक उपयोग वाले 835 पीईटी गिलासों के इस्तेमाल पर रोक लगाई गई।

विभिन्न आउटलेट में शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थों को एक साथ रखने, भंडारण और किचन की स्वच्छता में कमी जैसी अनियमितताएं भी मिलीं। पिज्जा हट के अनीसाबाद आउटलेट में गंदी टाइल्स और शौचालय की खराब स्वच्छता की स्थिति पाई गई। खाद्य संरक्षा आयुक्त कुमार रवि के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत संबंधित प्रतिष्ठानों को कमियां दूर करने के लिए 14 दिनों का नोटिस दिया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

--आईएएनएस

एमएनपी/पीएम

Share this story

Tags