बिहार के गोपालगंज में मानव तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, ऑर्केस्ट्रा की आड़ में नाबालिगों का शोषण
गोपालगंज, 20 मार्च (आईएएनएस)। बिहार के गोपालगंज जिले में मानव तस्करी और नाबालिगों से जबरन काम कराने के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश किया है।
ऑर्केस्ट्रा और डांस ग्रुप की आड़ में संचालित इस गिरोह के जरिए मासूम किशोरियों को न केवल जबरन डांस कराया जा रहा था, बल्कि उनका मानसिक और शारीरिक शोषण भी किया जा रहा था। इस खुलासे के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
मामला गोपालगंज के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ ऑर्केस्ट्रा ग्रुप के नाम पर बाहर से लाई गई लड़कियों से जबरन काम कराया जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल एक विशेष टीम का गठन किया। इस टीम में पुलिस के साथ सामाजिक संगठन एसोसिएशन फॉर वोलंटरी एक्शन, पटना और नारायणी सेवा संस्थान, गोपालगंज के सदस्य भी शामिल किए गए। महिला पुलिस पदाधिकारियों की मौजूदगी में दिघवा-दुबौली, लक्ष्मीगंज और रेवतीथ बाजार में एक साथ छापेमारी अभियान चलाया गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से कुल 10 लड़कियों को बरामद किया, जिनमें 9 नाबालिग और 1 बालिग शामिल हैं। ये लड़कियां अलग-अलग राज्यों से लाई गई थीं। इन सभी से जबरन डांस कराया जा रहा था और उनसे अश्लील गतिविधियां भी कराई जा रही थीं।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक ऑर्केस्ट्रा संचालक और दो संचालिकाओं को गिरफ्तार किया है। मौके से तीन मोबाइल फोन और बुकिंग से जुड़े अहम दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं, जिनके आधार पर इस पूरे नेटवर्क की जांच तेज कर दी गई है।
सदर एसडीपीओ-दो राजेश कुमार के मुताबिक, पुलिस ने रेवती बाजार और लक्ष्मीगंज बाजार में नाबालिग लड़कियों को डांस कराने वाले ऑर्केस्ट्रा ग्रुप के खिलाफ छापेमारी की। तीन संचालिकाओं को गिरफ्तार करके जेल भेजा गया। लड़कियों को कोर्ट में पेश किया गया। इस मामले में अनुसंधान जारी है।
--आईएएनएस
एएसएच/एबीएम

