Samachar Nama
×

बिहार: गोपालगंज की एक मस्जिद में मौलवी की चाकू मारकर हत्या, मौके पर कई थानों की पुलिस तैनात

बिहार: गोपालगंज की एक मस्जिद में मौलवी की चाकू मारकर हत्या, मौके पर कई थानों की पुलिस तैनात
बिहार: गोपालगंज की एक मस्जिद में मौलवी की चाकू मारकर हत्या, मौके पर कई थानों की पुलिस तैनात

गोपालगंज, 17 अगस्त (आईएएनएस)। बिहार के गोपालगंज जिले में मस्जिद के अंदर एक मौलवी की चाकू मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। इसकी जानकारी मिलने के बाद पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया और मौके पर कई थानों की पुलिस को तैनात किया गया है।

घटना गोपालगंज जिले के उचकागांव थाना क्षेत्र में अरना बाजार स्थित मस्जिद में हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, निर्धारित समय पर जब मौलवी की ओर से अजान नहीं दी गई तो लोगों को किसी अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद कुछ लोग मस्जिद पहुंचे। मस्जिद के अंदर जाने पर वहां मौलवी का शव पड़ा हुआ दिखाई दिया। शव को देखते ही लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही उचकागांव थानाध्यक्ष धर्मेंद्र के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे घटनास्थल की बारीकी से जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही आसपास के लोगों से भी पूछताछ शुरू कर दी है। हत्या के पीछे की वजह क्या है और वारदात को किसने अंजाम दिया, इसका पता लगाने में पुलिस जुटी हुई है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और जिले के कई थानों की पुलिस को मौके पर तैनात किया गया है। पुलिस की टीम अलग-अलग बिंदुओं पर जांच कर रही है और संभावित आरोपियों की पहचान के लिए आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई जा रही है।

फिलहाल, हत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का उद्भेदन कर घटना में शामिल लोगों को चिन्हित करने का प्रयास किया जा रहा है।

--आईएएनएस

डीसीएच/

Share this story

Tags