Samachar Nama
×

बिहार: गया और बोधगया बनेगा स्वच्छ, सुंदर और हरित शहर, लावारिस पशुओं के हॉटस्पॉट सात दिनों में होंगे चिह्नित

बिहार: गया और बोधगया बनेगा स्वच्छ, सुंदर और हरित शहर, लावारिस पशुओं के हॉटस्पॉट सात दिनों में होंगे चिह्नित
बिहार: गया और बोधगया बनेगा स्वच्छ, सुंदर और हरित शहर, लावारिस पशुओं के हॉटस्पॉट सात दिनों में होंगे चिह्नित

गयाजी, 19 नवंबर (आईएएनएस)। प्रसिद्ध पर्यटक स्थलों में शुमार बिहार का गयाजी और बोधगया को स्वच्छ, सुंदर, अतिक्रमणमुक्त और हरित शहर के रूप में विकसित करने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक कार्ययोजना तैयार की है। इस दिशा में जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर ने गुरुवार को अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर कई अहम निर्देश दिए।

उन्होंने आवारा पशुओं की समस्या से लेकर कचरा प्रबंधन, सार्वजनिक शौचालयों की सफाई, अतिक्रमण हटाने और सड़कों के किनारे हरित क्षेत्र विकसित करने तक के कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने को कहा।

डीएम ने निर्देश दिया कि अगले सात दिनों के भीतर गया और बोधगया के उन सभी स्थानों को चिह्नित किया जाए, जहां आवारा पशुओं का लगातार जमावड़ा रहता है या अवैध रूप से खटाल संचालित किए जा रहे हैं। संबंधित पशुपालकों को नोटिस जारी कर नियमानुसार जुर्माना वसूला जाए।

एयरपोर्ट के समीप, जेल रोड, पुलिस लाइन रोड, गांधी मैदान रोड, बंगला स्थान, मंगला गौरी, गया क्लब और मिर्जा गालिब कॉलेज सहित प्रमुख स्थानों से आवारा पशुओं को हटाने का निर्देश दिया गया। प्रत्येक हॉटस्पॉट के लिए एक पदाधिकारी भी नामित किया जाएगा।

डीएम ने आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए भी विशेष अभियान चलाने को कहा। इसके लिए पूर्व से कार्यरत संस्था के साथ समन्वय कर गया नगर निगम क्षेत्र में कार्रवाई की जाएगी। संस्था को प्रति कुत्ता एक हजार रुपये का भुगतान किया जाएगा। सार्वजनिक और सामुदायिक शौचालयों की व्यवस्था सुधारने पर जोर देते हुए डीएम ने नियमित सफाई, पानी, रोशनी और हैंडवॉश की सुविधा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

प्रत्येक शौचालय के बाहर क्यूआर कोड लगाया जाएगा, जिसके माध्यम से लोग सफाई और रखरखाव पर अपनी प्रतिक्रिया दे सकेंगे। साथ ही गया और बोधगया के सभी सार्वजनिक शौचालयों की लोकेशन गूगल मैप पर उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि पर्यटक और स्थानीय लोग आसानी से नजदीकी शौचालय खोज सकें।

कचरा प्रबंधन को लेकर डीएम ने मुख्य सड़कों के किनारे संचालित डंपिंग पॉइंट तत्काल हटाने और निर्धारित स्थानों पर बड़े डस्टबिन रखने का निर्देश दिया। होटल, मॉल, गेस्ट हाउस और रेस्टोरेंट में गीले एवं सूखे कचरे सहित चार श्रेणियों में कचरा रखने के लिए अलग-अलग डस्टबिन अनिवार्य किए जाएंगे।

स्वच्छता संबंधी शिकायतों के लिए जारी एक व्हाट्सएप नंबर तथा स्वच्छ गया' मोबाइल ऐप के माध्यम से नागरिक शिकायत दर्ज करा सकेंगे। प्रशासन के अनुसार, शिकायत मिलने के चार घंटे के भीतर सफाई की कार्रवाई की जाएगी।

डीएम ने प्रमुख सड़कों और चौराहों को अतिक्रमणमुक्त रखने, खुले में मांस-मछली की बिक्री पर रोक लगाने तथा सरकारी दीवारों, बिजली के खंभों और पुलों पर अनधिकृत पोस्टर-बैनर लगाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया। इसके अलावा रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट से शहर में प्रवेश करने वाले प्रमुख मार्गों के किनारे पौधारोपण कर ग्रीन एरिया विकसित किया जाएगा।

--आईएएनएस

एमएनपी/एएसएच

Share this story

Tags