Samachar Nama
×

बिहार : एक लाख के लिए युवक ने रची अपहरण की साजिश, आरोपी गिरफ्तार

बिहार : एक लाख के लिए युवक ने रची अपहरण की साजिश, आरोपी गिरफ्तार
बिहार : एक लाख के लिए युवक ने रची अपहरण की साजिश, आरोपी गिरफ्तार

पटना, 13 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार के पूर्णिया से एक ऐसा मामला सामने आया है, जहां अपहरणकर्ताओं की तलाश में पुलिस रातभर परेशान रही, लेकिन जब कथित अपहृत युवक मिला तो चौंकाने वाला राज खुल गया।

मामला अमौर थाना क्षेत्र का है। यहां एक युवक के अपहरण और उसे छोड़ने के बदले एक लाख रुपए की फिरौती मांगे जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

दरअसल, अमौर थाना क्षेत्र के बागढर गांव के वार्ड नंबर 11 के रहने वाले अब्दुल करीम ने पुलिस को सूचना दी कि उनका करीब 26 वर्षीय बेटा सबा जफर घर से लापता है। इसी बीच उसके कथित अपहरण और एक लाख रुपए की फिरौती मांगने की बात सामने आई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए बायसी एसडीपीओ जितेंद्र पांडे के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने टोल प्लाजा से लेकर रेलवे स्टेशनों तक के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। डीआईयू की मदद से तकनीकी जांच की गई और रातभर की मशक्कत के बाद सबा जफर को सकुशल बरामद कर लिया गया, लेकिन असली कहानी युवक की बरामदगी के बाद सामने आई।

पुलिस के मुताबिक, युवक का अपहरण हुआ ही नहीं था। उसे पैसों की जरूरत थी और परिजनों से एक लाख रुपए हासिल करने के लिए उसने कथित तौर पर खुद के अपहरण और फिरौती की झूठी कहानी रची थी। जिस युवक को बचाने के लिए पुलिस रातभर दौड़ती रही, उसी युवक पर अपने अपहरण की झूठी कहानी रचने का आरोप सामने आया।

इस मामले में अमौर थाना कांड संख्या 457/26 के तहत केस दर्ज कर अपहरण की साजिश रचने को लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इसी के साथ पुलिस ने लोगों से अपील की है कि झूठी या भ्रामक सूचना देकर पुलिस का समय और संसाधन बर्बाद न करें, क्योंकि इससे वास्तविक आपातकालीन मामलों में कार्रवाई प्रभावित हो सकती है।

मामले को लेकर एसडीपीओ बायसी, पूर्णिया, जितेंद्र पांडे ने बताया कि सूचना मिली कि बागढर के सबा जफर का फिरौती के लिए अपहरण कर लिया गया है। उसके परिजनों ने थाने को सूचना दी। सूचना मिलने पर वरीय पुलिस अधीक्षक के दिशा-निर्देशों पर एक टीम का गठन किया गया।

टीम ने छापेमारी की कार्रवाई की और वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर सबा जफर को जलालगढ़ से बरामद किया। बरामदगी के बाद सबा जफर ने बताया कि आर्थिक तंगी के कारण उसने साजिश रची थी।

--आईएएनएस

डीके/एबीएम

Share this story

Tags