Samachar Nama
×

बिहार दिवस पर सीएम नीतीश कुमार का संदेश, राज्य और देशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं

पटना, 21 मार्च (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार दिवस पर प्रदेश एवं देशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
बिहार दिवस पर सीएम नीतीश कुमार का संदेश, राज्य और देशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं

पटना, 21 मार्च (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार दिवस पर प्रदेश एवं देशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

मुख्यमंत्री ने शनिवार को अपने शुभकामना संदेश में कहा है कि बिहार का इतिहास गौरवशाली रहा है और वर्तमान में अपने निश्चय से बिहार का गौरवशाली भविष्य तैयार कर रहे हैं। उन्होंने कहा है कि बिहारवासी आपसी एकता, भाईचारा, सामाजिक समरसता एवं सद्भाव बनाए रखते हुए बिहार के गौरव को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाएंगे।

सीएम नीतीश कुमार ने समृद्ध बिहार के संकल्प को पूरा करने हेतु समस्त बिहारवासियों का आह्वान किया। बता दें कि बिहार दिवस प्रत्येक साल 22 मार्च को मनाया जाता है, जो बिहार राज्य के गठन का प्रतीक है। 22 मार्च 1912 को, बंगाल प्रांत के बिहार और उड़ीसा डिवीजनों को अलग करके ब्रिटिश भारत में बिहार और उड़ीसा प्रांत बनाया गया था।

बिहार दिवस के मौके पर कई तरह के कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है। 'उन्नत बिहार, उज्ज्वल बिहार' थीम के अंतर्गत कई तरह के कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसके लिए समाज कल्याण विभाग की तरफ से महिला एवं बाल विकास निगम को नोडल एजेंसी के रूप में नामित किया गया है।

गांधी मैदान में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत आने वाली विभिन्न इकाइयों की तरफ से उनकी योजनाओं, उपलब्धियों एवं सेवाओं के प्रदर्शन के लिए थीम-आधारित पवेलियन और स्टॉल स्थापित किए गए हैं। इन स्टॉलों के जरिए आमजन को राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, सेवाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।

इसके अलावा, विभाग के पवेलियन में इस बार राज्य की पारंपरिक कलाओं, जैसे लहठी एवं सुजनी का प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही, महिला उद्यमियों के उत्पादों के प्रदर्शन-सह-विपणन के लिए भी पर्याप्त स्थान उपलब्ध कराया गया है। इसके अलावा, जीविका पवेलियन भी लगाया जाएगा। 22 से 26 मार्च तक प्रेमचंद रंगशाला में आयोजित 'महिला नाट्य उत्सव' हमारी आधी आबादी की रचनात्मक शक्ति और उनके संघर्षों की कहानियों को समर्पित होगा।

--आईएएनएस

एमएनपी/डीके

Share this story

Tags