Samachar Nama
×

बिहार: नीतीश कुमार को एनडीए विधायक दल का नेता चुने जाने पर धर्मेंद्र प्रधान ने दी बधाई

पटना, 19 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार चुनाव में एनडीए को प्रचंड बहुमत मिला है, जिसके बाद नई सरकार बनाने की कवायद शुरू हो गई है। बुधवार को एनडीए के नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक में नीतीश कुमार को विधायक दल का नेता चुन लिया गया है। इस बीच केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने नीतीश कुमार को विधायक दल का नेता चुने जाने की बधाई दी है।

धर्मेंद्र प्रधान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा कि नीतीश कुमार को सर्वसम्मति से एनडीए विधायक दल का नेता चुने जाने पर अनंत शुभकामनाएं।

उन्होंने लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा तथा नीतीश कुमार के अनुभवी और सक्षम नेतृत्व में सुशासन, पारदर्शिता और जनकल्याण के नए कीर्तिमान स्थापित हुए हैं। आगामी वर्षों में यह सुदृढ़ नेतृत्व बिहार को समृद्धि, स्थिरता और सामाजिक न्याय की नई ऊंचाइयों पर अग्रसर करते हुए 'विकसित बिहार' के संकल्प को साकार करने में मील का पत्थर सिद्ध होगा।

एनडीए के प्रति अपार विश्वास और अभूतपूर्व समर्थन के लिए बिहार की जनता का पुनः हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।

इससे पहले भाजपा और जदयू के विधायक दल की अलग-अलग बैठक हुई थी। भाजपा की बैठक में जहां सम्राट चौधरी को नेता और विजय कुमार सिन्हा को उप नेता चुना गया, वहीं नीतीश कुमार को जदयू विधायक दल का नेता चुना गया।

पटना के गांधी मैदान में 20 नवंबर को नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह होगा। इसे लेकर गांधी मैदान में व्यापक तैयारी चल रही है। इस समारोह में आम से लेकर खास लोगों के जुटने की संभावना को देखते हुए उसी तरह की तैयारी की जा रही है।

एक दिन पहले बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को गांधी मैदान पहुंचकर नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारी का जायजा लिया था। नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह गुरुवार को प्रस्तावित है।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने मंच पर अतिथियों के बैठने की व्यवस्था एवं अन्य उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के संबंध में अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली थी।

बता दें कि बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए को कुल 202 सीटें मिली हैं। भाजपा ने 89 सीटों पर जीत दर्ज की। दूसरे नंबर पर नीतीश कुमार की जनता दल (यूनाइटेड) 85 सीटों के साथ है। वहीं, चिराग पासवान की पार्टी लोक जनशक्ति (आर) ने 19 पर जीत दर्ज की, जो एनडीए में तीसरे नंबर की सबसे बड़ी पार्टी और पूरे बिहार में चौथे नंबर की पार्टी है। हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा को पांच और राष्ट्रीय लोक मोर्चा को चार सीटों पर जीत मिली है।

--आईएएनएस

एमएस/डीकेपी

Share this story

Tags