बिहार: दरभंगा में शोरूम के मैनेजर की पीट-पीटकर हत्या के मामले में आरोपी गिरफ्तार
दरभंगा, 13 जून (आईएएनएस)। बिहार के दरभंगा के चन्दनपट्टी चौक के पास यामहा मोटरसाइकिल शोरूम के मैनेजर की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या मामले में पुलिस ने शनिवार को एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को चंदनपट्टी चौक के पास यामाहा मोटरसाइकिल एजेंसी के मैनेजर फैज अहमद की रॉड से मारकर दो अज्ञात अपराधकर्मियों द्वारा हत्या कर दी गई थी। दिन दहाड़े इस घटना से लोग सकते में आ गए थे।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई। इस संबंध में एफएसएल की टीम के द्वारा साक्ष्य संकलन की कार्रवाई की गई।
पुलिस का कहना है कि अनुसंधान के क्रम में वरीय पुलिस अधीक्षक दरभंगा के निर्देशन में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया। जिसमें अनुसंधान के दौरान सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी अनुसंधान एवं मानवीय सूचना के आधार पर अपराधियों की पहचान सोनू कुमार पासवान के रूप में की गई। पुलिस ने तत्काल छापेमारी करते हुए आरोपी सोनू को गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। गिरफ्तार के पास से मृतक का मोबाइल और स्कूटी बरामद की गई, जो अपराधी द्वारा भागने में प्रयोग की गई थी। पुलिस के अधिकारी ने बताया कि एक अन्य आरोपी को गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है जिसमें मैनेजर के ऊपर हमलावर ने बाइक की शकर और कैंची से गर्दन पर ताबड़तोड़ प्रहार करते दिख रहे हैं। इसके बाद आरोपी फैज की स्कूटी लेकर फरार हो गया था। इस घटना को लेकर प्रदेश की मुख्य विपक्षी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल ने भी सरकार पर निशाना साधा है।
--आईएएनएस
एमएनपी/डीकेपी

