Samachar Nama
×

बिहार : कांस्टेबल ने थाना परिसर में सर्विस पिस्टल से गोली मारकर की आत्महत्या

बिहार : कांस्टेबल ने थाना परिसर में सर्विस पिस्टल से गोली मारकर की आत्महत्या
बिहार : कांस्टेबल ने थाना परिसर में सर्विस पिस्टल से गोली मारकर की आत्महत्या

किशनगंज, 11 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार के किशनगंज जिले के सदर थाना परिसर में तैनात एक कांस्टेबल ने रविवार सुबह अपनी सर्विस पिस्टल से सिर में गोली मारकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान भागलपुर निवासी 35 वर्षीय समीर कुमार के रूप में हुई है।

घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, समीर कुमार थाना परिसर स्थित बैरक में थे। सुबह उन्होंने अपनी सर्विस पिस्टल से खुद को गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने उन्हें तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

बताया गया कि घटना से पहले कांस्टेबल ने अपने परिवार के सदस्यों से बातचीत की थी। इसके बाद उन्होंने यह कदम उठाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है। सदर थाना के एसडीपीओ-1 खुसरो सिराज ने भी घटना की पुष्टि की है।

पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कांस्टेबल ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया। आत्महत्या के वास्तविक कारणों का अभी स्पष्ट रूप से पता नहीं चल सका है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, समीर कुमार की पहली पोस्टिंग वर्ष 2015 में समस्तीपुर जिले में हुई थी। अगस्त 2025 में उनका तबादला किशनगंज हुआ। शुरुआती दौर में वे पुलिस लाइन में पदस्थापित थे। इसके बाद करीब छह महीने पहले उन्हें टाउन थाना में डायल-112 सेवा में तैनाती दी गई थी।

बताया जा रहा है कि उनका परिवार के साथ पिछले कुछ दिनों से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। घटना से पहले भी वह अपनी पत्नी से मोबाइल फोन पर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने अपनी सर्विस पिस्टल से खुद को गोली मार ली। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच और अन्य तथ्यों के सामने आने के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

--आईएएनएस

एमएनपी/एएस

Share this story

Tags