बिहार: भैंस बांधने के विवाद में गोली मारकर युवक की हत्या, जांच में जुटी पुलिस
पटना, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार के पटना जिले में धनरुआ थाना क्षेत्र में भैंस बांधने के विवाद में एक युवक की गोली मारकर हत्या करने का मामला प्रकाश में आया है। घटना के सामने आने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है।
दरअसल, यह पूरा मामला पटना जिले के धनरुआ थाना क्षेत्र के निजामत गांव का है, जहां दो पक्षों के विवाद में एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
पुलिस के मुताबिक, निजामत गांव के रहने वाले बिजेंद्र प्रसाद (70) और गांव के ही सोनू कुमार के परिवार के बीच पुराना विवाद चल रहा है। इसी बीच, बिजेंद्र प्रसाद रविवार को सोनू कुमार के दरवाजे पर गए और वहां बांधे गए एक भैंस को ले आकर अपने घर के दरवाजे पर लाकर बांध दिया। बताया जाता है कि पीछे से सोनू कुमार भी वहां पहुंच गए।
आरोप है कि सोनू अभी कुछ कह पाते तब तक बिजेंद्र प्रसाद ने गोली चला दी, जो सोनू को जा लगी। गोली की आवाज सुनकर ग्रामीण भी पहुंचे और आनन-फानन में घायल अवस्था में उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। इलाज के क्रम में उसने दम तोड़ दिया। मसौढ़ी में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दो कन्हैया सिंह ने रविवार को बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई और मामले की जांच में जुट गई है।
उन्होंने बताया कि साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। घटना के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस विभिन्न इलाकों में छापेमारी कर रही है। मामले में अग्रतर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
--आईएएनएस
एमएनपी/डीकेपी

