Samachar Nama
×

बिहार: भागलपुर में ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण, गृहरक्षक भर्ती की 27 रिक्तियों को भरने की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश

बिहार: भागलपुर में ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण, गृहरक्षक भर्ती की 27 रिक्तियों को भरने की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश
बिहार: भागलपुर में ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण, गृहरक्षक भर्ती की 27 रिक्तियों को भरने की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश

भागलपुर, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। भागलपुर की जिला पदाधिकारी अलंकृता पांडे ने शनिवार को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत ईवीएम (ईवीएम) और वीवीपैट वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण किया। इसके साथ ही उन्होंने गृहरक्षक (होमगार्ड) भर्ती से संबंधित चयन समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए रिक्त पदों को जल्द भरने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी प्रणाली, सीलों की स्थिति और अन्य सुरक्षा मानकों की विस्तार से समीक्षा की।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित सभी सुरक्षा मानकों और दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही ईवीएम और वीवीपैट मशीनों के सुरक्षित भंडारण तथा वेयरहाउस की निरंतर निगरानी बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान निर्वाचन शाखा के अधिकारी और अन्य संबंधित पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में विज्ञापन संख्या 01/25 के तहत गृहरक्षक के शेष 27 रिक्त पदों को प्रतीक्षा सूची से भरने के संबंध में चयन समिति की बैठक भी आयोजित की गई।

बैठक में बताया गया कि चयनित अभ्यर्थियों में से कुछ उम्मीदवारों द्वारा विभिन्न कारणों से योगदान नहीं देने के कारण 27 पद रिक्त रह गए हैं। इन रिक्तियों को प्रतीक्षा सूची में शामिल अभ्यर्थियों से भरने की प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की गई।

जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई जल्द पूरी की जाए।

बैठक में प्रभारी वरीय पुलिस अधीक्षक, वरीय जिला समादेष्टा एवं जिला कल्याण पदाधिकारी सहित चयन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

जिला पदाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ रिक्त पदों को समयबद्ध तरीके से भरना प्रशासन की प्राथमिकता है।

इसके साथ ही, जिला पदाधिकारी ने शनिवार को कायाकल्प अभियान के अंतर्गत विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में तकनीकी एवं प्रशासनिक स्वीकृति, बजट उपयोग, निर्माण कार्यों की स्थिति तथा लंबित परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित इस समीक्षा बैठक में उप विकास आयुक्त (डीडीसी), अपर समाहर्ता (एडीएम), नगर आयुक्त, डीआरडीए निदेशक, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी, सिविल सर्जन, पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी

Share this story

Tags