Samachar Nama
×

बिहार: बेगूसराय में ट्रक से टकराई कार, तीन थाना प्रभारी समेत चार लोगों की मौत

बेगूसराय, 12 जून (आईएएनएस)। बिहार के बेगूसराय जिले में शुक्रवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में मधेपुरा जिले के तीन थाना प्रभारी भी शामिल थे। फिलहाल, पुलिस ने इस हादसे की जांच शुरू कर दी है।
बिहार: बेगूसराय में ट्रक से टकराई कार, तीन थाना प्रभारी समेत चार लोगों की मौत

बेगूसराय, 12 जून (आईएएनएस)। बिहार के बेगूसराय जिले में शुक्रवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में मधेपुरा जिले के तीन थाना प्रभारी भी शामिल थे। फिलहाल, पुलिस ने इस हादसे की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी सामने आई कि तेज रफ्तार कार ने एक ट्रक में पीछे से जबरदस्त टक्कर मारी। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसका आधा हिस्सा ट्रक के पिछले हिस्से में फंस गया। घटना साहेवपुर कमाल थाना क्षेत्र के बखड्डा स्थित एनएच 31 के पास की है।

बताया जा रहा है कि कार में चार पुलिसकर्मी थे, जिसमें तीन मधेपुरा जिले में तैनात तीन थाना प्रभारी भी थे। वे पटना से एकदिवसीय प्रशिक्षण लेकर एक ही गाड़ी में सवार होकर मधेपुरा जिला लौट रहे थे। तभी तेज रफ्तार कार अनियंत्रित हो गई और ट्रक से पीछे से टकरा गई।

इस घटना के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी का माहौल उत्पन्न हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही बेगूसराय एसपी मनीष कुमार और सदर डीएसपी आनंद पांडेय समेत भारी संख्या में पुलिस घटनास्थल पर पहुंचे। मृतकों की पहचान साजन पासवान रतवारा थाना प्रभारी, नीरज कुमार बेलारी थाना प्रभारी, ज्ञानेंद्र अमरेंद्र आरर थाना प्रभारी और निजी कार चालक ज्योतिष कुमार के रूप में की गई है।

दो थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र व नीरज कुमार और ड्राइवर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि एक थाना प्रभारी साजन पासवान को स्थानीय लोगों ने घायल अवस्था में सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान कुछ ही देर के बाद मौत हो गई। इस तीन पुलिस अधिकारी समेत चार की मौत की खबर लगते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई।

इस घटना के संबंध में बेगूसराय पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार ने बताया कि देर रात ये हादसा हुआ है। इसमें चार लोगों की मौके पर मौत हो गई है, जिसमें तीन पुलिस अधिकारी और एक ड्राइवर शामिल थे। उन्होंने बताया कि घटना रात करीब 12.30 बजे हुई।

उन्होंने कहा कि घटना की जांच चल रही है। पोस्टमार्टम किया जा रहा है और सभी कानूनी प्रक्रियाओं और नियमों का पालन किया जा रहा है।

--आईएएनएस

डीसीएच/

Share this story

Tags