Samachar Nama
×

बिहार : बीएयू में कुलपति सम्मेलन का समापन, कृषि शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देने पर सहमति, सबौर घोषणापत्र अंगीकृत

बिहार : बीएयू में कुलपति सम्मेलन का समापन, कृषि शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देने पर सहमति, सबौर घोषणापत्र अंगीकृत
बिहार : बीएयू में कुलपति सम्मेलन का समापन, कृषि शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देने पर सहमति, सबौर घोषणापत्र अंगीकृत

भागलपुर, 29 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार कृषि विश्वविद्यालय (बीएयू), सबौर में आयोजित भारतीय कृषि विश्वविद्यालय संघ (आईएयूए) के स्वर्ण जयंती कुलपति सम्मेलन एवं ‘एडवांसमेंट्स फॉर नेक्स्ट जेनरेशन एग्रीकल्चर’ (एएनजीए-2026) राष्ट्रीय सम्मेलन का रविवार को समापन हो गया।

दो दिवसीय सम्मेलन के अंतिम दिन भारतीय कृषि के भविष्य को नई दिशा देने के उद्देश्य से ‘सबौर घोषणापत्र-2026’ अंगीकृत किया गया। इसमें कृषि शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार, जलवायु परिवर्तन और कृषि उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए सामूहिक प्रतिबद्धता जताई गई।

समापन समारोह में बिहार सरकार के ग्रामीण विकास एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मंत्री श्रवण कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित स्टार्टअप प्रदर्शनी का अवलोकन किया और कृषि आधारित नवाचारों एवं उद्यमिता से संबंधित गतिविधियों की जानकारी ली। इसके बाद राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के साथ समारोह की शुरुआत हुई। इस अवसर पर मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर में इतने प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन पूरे बिहार के लिए गौरव की बात है। दो दिनों तक हुए विचार-विमर्श और उससे निकले निष्कर्ष बिहार के साथ-साथ देश की कृषि को नई दिशा और मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। कृषि के भविष्य को बेहतर बनाने में कृषि विश्वविद्यालयों और वैज्ञानिकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

बिहार कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति एवं भारतीय कृषि विश्वविद्यालय संघ के अध्यक्ष डॉ. डी.आर. सिंह ने कहा कि सम्मेलन में देशभर के कृषि विश्वविद्यालयों के कुलपतियों और वैज्ञानिकों ने कृषि शिक्षा, अनुसंधान, जलवायु परिवर्तन तथा कृषि उद्यमिता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मंथन किया। इन चर्चाओं से प्राप्त सुझावों और निष्कर्षों को सबौर घोषणापत्र-2026 में शामिल किया गया है।

उन्होंने उम्मीद जताई कि यह घोषणापत्र भारतीय कृषि के भविष्य की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। राष्ट्रीय कृषि विकास योजना (आरकेवीवाई) से जुड़े के.वी. अय्यर ने कृषि उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए उपलब्ध सुविधाओं और प्रोत्साहनों की जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि भविष्य की खेती युवा उद्यमियों पर निर्भर करेगी। कृषि में नवाचार और आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल के साथ युवाओं की भागीदारी बढ़ाना जरूरी है। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के पूर्व उप महानिदेशक (विस्तार) डॉ. के.डी. कोकाटे ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं और अन्य चुनौतियों के कारण कृषि आज भी तनावपूर्ण कार्य है। किसानों की परेशानियां कम करना प्राथमिकता होनी चाहिए।

उन्होंने बताया कि भारतीय अर्थव्यवस्था में कृषि का योगदान करीब 20 प्रतिशत है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करने के लिए सभी राज्यों को मिलकर प्रभावी कृषि विस्तार नीति तैयार करनी होगी।

आईसीएआर के उप महानिदेशक (विस्तार) डॉ. यसपाल मलिक ने कहा कि देश में करीब 50 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर उठे हैं, जिसमें कृषि क्षेत्र का बड़ा योगदान रहा है। कृषि विश्वविद्यालयों के बीच संवाद और सहयोग नीतियों के निर्माण तथा चुनौतियों के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। घोषणापत्र का मूल आधार ‘ट्रांसफॉर्म, इनोवेट, कोलैबोरेट एंड सस्टेन’ यानी रूपांतरण, नवाचार, सहयोग और स्थिरता है। इसका उद्देश्य अगली पीढ़ी की कृषि व्यवस्था विकसित करना और कृषि विश्वविद्यालयों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना है। सम्मेलन में देश के 30 से अधिक कृषि विश्वविद्यालयों के कुलपतियों और वैज्ञानिकों ने भाग लिया। ‘सबौर से भारतीय कृषि के भविष्य की ओर’ के संदेश के साथ सम्मेलन का समापन हुआ।

--आईएएनएस

एमएनपी/एमएस

Share this story

Tags