बिहार: बगीचे में पेड़ से लटका मिला युवक-युवती का शव, पुलिस जांच में जुटी
बेतिया, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बगहा नगर थाना क्षेत्र के एक बगीचे से पुलिस ने बुधवार को एक युवक और युवती का शव पेड़ से लटकता बरामद किया है। पुलिस इसे प्रथम दृष्टा प्रेम प्रसंग का मामला मान रही है और पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
बताया गया कि नगर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 35 स्थित पुअर हाउस इलाके में बुधवार की सुबह को जब लोग सोकर उठे तो एक बगीचे में युवक-युवती का शव एक पेड़ से लटकते देखा। इसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस तत्काल पहल करते हुए दोनों शवों को पेड़ से संदिग्ध हालात में बरामद कर जांच में जुट गई।
स्थानीय लोगों ने जब बगीचे में पेड़ से लटके दो शव देखे तो वहां भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस की टीम मौके पर पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर सील कर दिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाने का कार्य शुरू किया।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। मृतकों की पहचान वार्ड नंबर 35 पुअर हाउस निवासी गुलाब मिस्त्री की पुत्री शाहबुन निशा और बगहा रत्नमाला निवासी असगर मिस्त्री के पुत्र मुस्तफा के रूप में की गई है।
दोनों की उम्र 18 से 20 के करीब बताई गई है। इन दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की बात भी सामने आ रही है। फिलहाल, पुलिस इस मामले की विभिन्न कोणों से जांच कर रही है। पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि दोनों के बीच पहले से ही बातचीत होती थी।
इस घटना को लेकर स्थानीय इलाके में कई तरह की चर्चा है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सामने आ सकेगा।
--आईएएनएस
एमएनपी/डीकेपी

