Samachar Nama
×

बिहार: एएसआई ने युवक पर की फायरिंग, बाल-बाल बची जान, सर्विस पिस्टल जब्त

बिहार: एएसआई ने युवक पर की फायरिंग, बाल-बाल बची जान, सर्विस पिस्टल जब्त
बिहार: एएसआई ने युवक पर की फायरिंग, बाल-बाल बची जान, सर्विस पिस्टल जब्त

हाजीपुर, 13 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार के वैशाली जिले में शराब के नशे में धुत एएसआई द्वारा युवक पर फायरिंग करने का मामला सामने आया है। घटना भगवानपुर थाना क्षेत्र के वफापुर बामपुर गांव की है, जहां आरोपी पुलिसकर्मी को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।पुलिस ने उसकी सर्विस पिस्टल जब्त कर ली है और मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।

वैशाली सदर-2 के एसडीपीओ गोपाल मंडल ने सोमवार को बताया कि घटना आज सुबह की है। वफापुर बामपुर गांव निवासी गंगा सिंह अपने घर में सो रहे थे। इसी दौरान एक व्यक्ति ने उनके घर की ग्रिल खटखटाई और बताया कि उसकी कार गड्ढे में फंस गई है तथा मदद की जरूरत है।

एसडीपीओ के मुताबिक, गंगा सिंह और उनके बेटे रजनीश (भारतीय सेना में जवान) ने मिलकर कार को गड्ढे से बाहर निकाल दिया। कार पर 'पुलिस' का स्टिकर लगा होने के कारण दोनों को लगा कि वह पुलिसकर्मी है, इसलिए उन्होंने उसकी मदद की। हालांकि, वह व्यक्ति नशे की हालत में था और वहां से जाने के बजाय अभद्र व्यवहार करने लगा।

उन्होंने बताया कि करीब एक घंटे तक विवाद चलता रहा। इसी दौरान आरोपी ने रजनीश की गर्दन पकड़ ली और अपनी सर्विस पिस्टल निकालकर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। गोली रजनीश की बाईं आंख के पास से गुजर गई, जिससे वह बाल-बाल बच गए। गोली के छर्रे के प्रभाव से आंख के पास हल्की चोट आई है और उनका इलाज कराया जा रहा है।

घटना के बाद आसपास के लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और उसकी पिस्टल छीन ली। सूचना मिलने पर भगवानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।

पुलिस जांच में आरोपी की पहचान जहानाबाद निवासी दीपक कुमार के रूप में हुई है, जो अररिया जिले के फारबिसगंज थाना की अनुसंधान इकाई में एएसआई के पद पर तैनात है।

एसडीपीओ ने बताया कि घटनास्थल से गोली का खोखा और बुलेट बरामद किया गया है। एफएसएल और डीआईयू की टीम को जांच के लिए बुलाया गया है, जो वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि बरामद हथियार अवैध नहीं है, बल्कि आरोपी की अधिकृत सर्विस पिस्टल है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

--आईएएनएस

एमएनपी/एएसएच

Share this story

Tags