बिहार : अनंत सिंह ने जन सुराज उम्मीदवार अनुज सिंह का किया समर्थन, बोले- हमारा कैंडिडेट जीतेगा
पटना, 1 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार विधान परिषद चुनाव के बीच मोकामा से जनता दल (यूनाइटेड) विधायक अनंत सिंह का जन सुराज उम्मीदवार अनुज सिंह के समर्थन में खुलकर सामने आना चर्चा का विषय बन गया है। गुरुवार को अनुज सिंह के नामांकन के दौरान अनंत सिंह उनके साथ पहुंचे। उन्होंने अनुज सिंह को माला पहनाई और समर्थकों के साथ गमछा लहराते हुए अपना समर्थन जताया। इस दौरान उन्होंने अनुज सिंह की जीत का दावा भी किया।
खास बात यह है कि अनंत सिंह की पार्टी जदयू ने पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से मौजूदा एमएलसी नीरज कुमार को उम्मीदवार बनाया है। ऐसे में अनंत सिंह का अपनी पार्टी के प्रत्याशी के बजाय जन सुराज उम्मीदवार के समर्थन में नजर आना राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है।
मीडिया से बातचीत में जदयू विधायक अनंत सिंह ने कहा कि वह अनुज सिंह के समर्थन में शुरू से ही हैं। यह पार्टी-पावर का चुनाव नहीं है। पार्टी के चुनाव में सिंबल महत्वपूर्ण होता है, लेकिन यहां जनता ही फैसला करती है। उन्होंने कहा, "हमारा कैंडिडेट जीतेगा और बाकी सब कैंडिडेट हारेंगे।"
अनंत सिंह ने यह भी कहा कि वह अनुज सिंह के लिए पूरी ताकत झोंक देंगे, लेकिन अंततः वोट देने का अधिकार जनता के पास है। युवा मतदाताओं के समर्थन के सवाल पर अनंत सिंह ने कहा कि जनता साथ देती है, तभी कोई चुनाव जीतता है।
उन्होंने अपने अंदाज में कहा कि जनता ही उनकी मालिक है और वही किसी को कुर्सी देती है। इस दौरान उन्होंने समर्थकों के बीच गमछा लहराते हुए कहा, "यह जंग की तैयारी है और हरदम तैयार रहना चाहिए।"
अनंत सिंह ने चुनाव में आरोप-प्रत्यारोप को लेकर पूछे गए सवाल पर कहा कि जब भगवान पर भी आरोप लगते हैं तो इंसान क्या चीज है। उन्होंने कहा कि उन्हें इन बातों से ज्यादा मतलब नहीं है और वह जनता के बीच जाकर समर्थन मांगेंगे।
जन सुराज उम्मीदवार अनुज सिंह के नामांकन में अनंत सिंह की मौजूदगी और उनके खुले समर्थन से पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का चुनावी मुकाबला चर्चा में आ गया है। एक तरफ जदयू ने नीरज कुमार को मैदान में उतारा है, वहीं जन सुराज की ओर से अनुज सिंह चुनाव लड़ रहे हैं। ऐसे में अनंत सिंह के रुख को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज है।
बिहार विधान परिषद की आठ शिक्षक और स्नातक सीटों पर 23 अक्टूबर को मतदान और 27 अक्टूबर को मतगणना प्रस्तावित है। जन सुराज ने सभी आठ सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं।
--आईएएनएस
एमएनपी/एसके

