Samachar Nama
×

छठ पर बिहार जाने वालों के लिए बड़ी राहत! दिल्ली से चलेंगी बसें, जानें किन शहरों तक पहुंचने की तैयारी

छठ पर बिहार जाने वालों के लिए बड़ी राहत! दिल्ली से चलेंगी बसें, जानें किन शहरों तक पहुंचने की तैयारी

छठ पूजा पर अपने घर बिहार जाने की तैयारी कर रहे दिल्ली में रहने वाले लोगों के लिए राहत की खबर सामने आई है। त्योहारों के सीजन में ट्रेनों में कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल हो जाता है और ऐसे में यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। अब दिल्ली सरकार ने इस समस्या को देखते हुए दिल्ली और बिहार के बीच बस सेवा शुरू करने की तैयारी तेज कर दी है।

सरकार की कोशिश है कि दिवाली और छठ पूजा से पहले दिल्ली से बिहार के कुछ चुनिंदा रूट्स पर बसों का संचालन शुरू कर दिया जाए। शुरुआत में 2 या 3 रूट्स पर बस सेवा शुरू किए जाने की संभावना है। यात्रियों की मांग और जरूरत को देखते हुए बाद में दूसरे शहरों को भी इस सेवा से जोड़ा जा सकता है।

बस सेवा शुरू करने के लिए तैयार हुआ था ड्राफ्ट

दिल्ली सरकार के परिवहन विभाग ने इस पूरी योजना को लेकर एक कमिटी का गठन किया है। कमिटी को प्रस्तावित पारस्परिक परिवहन समझौते पर मिले सुझावों की समीक्षा करके अंतिम रिपोर्ट तैयार करनी है।

अधिकारियों के मुताबिक, अगस्त 2026 में दिल्ली और बिहार के बीच बस सेवा शुरू करने को लेकर समझौते का ड्राफ्ट तैयार किया गया था। इसके तहत बिहार के अलग-अलग शहरों को दिल्ली से जोड़ने वाले 18 संभावित रूट्स की पहचान की गई है।

हालांकि अभी इनमें से कौन-कौन से रूट पहले चरण में शुरू होंगे, यह अंतिम रूप से तय नहीं हुआ है। कमिटी की रिपोर्ट आने के बाद रूट, किराया और बस संचालन से जुड़ी दूसरी शर्तों की जानकारी सामने आएगी।

पटना समेत इन शहरों तक पहुंच सकती है बस

प्रस्तावित योजना में दिल्ली से बिहार के कई प्रमुख शहरों को जोड़ने की बात है। इनमें पटना, बिहार शरीफ, अररिया, भागलपुर, बक्सर, दरभंगा, पूर्वी चंपारण, गयाजी, किशनगंज, मधुबनी, मुजफ्फरपुर और नवादा जैसे शहर शामिल हैं।

दिल्ली से पटना के लिए चार संभावित रूट प्रस्तावित किए गए हैं। इनकी दूरी करीब 1045 से 1182 किलोमीटर के बीच बताई गई है।

वहीं, प्रस्तावित दूरी के मुताबिक दिल्ली से बिहार शरीफ करीब 1109 किलोमीटर, अररिया 1348 किलोमीटर, भागलपुर 1280 किलोमीटर, बक्सर 915 किलोमीटर, दरभंगा 1167 किलोमीटर, पूर्वी चंपारण 1043 किलोमीटर, गयाजी 1078 किलोमीटर, किशनगंज 1416 किलोमीटर, मधुबनी 1198 किलोमीटर, मुजफ्फरपुर 1110 किलोमीटर और नवादा करीब 1206 किलोमीटर दूर है।

प्राइवेट बस ऑपरेटरों को भी जोड़ा जा सकता है

फिलहाल दिल्ली और बिहार के बीच सरकारी बस सेवा संचालित नहीं होती है, हालांकि दोनों राज्यों के बीच बड़ी संख्या में निजी बसें चलती हैं। सरकार कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए तय नियमों के तहत निजी बस ऑपरेटरों के साथ भी समझौता कर सकती है।

यानी अगर योजना तय समय के मुताबिक आगे बढ़ती है, तो आने वाले दिवाली और छठ के दौरान बिहार जाने वाले यात्रियों के पास ट्रेन के अलावा बस का एक और विकल्प उपलब्ध हो सकता है।

बसों के प्रदूषण मानकों पर भी रहेगी नजर

इस प्रस्तावित परिवहन समझौते में बसों के प्रदूषण मानकों को लेकर भी नियम शामिल किए गए हैं। इसके तहत CNG और इलेक्ट्रिक बसों को अनुमति देने का प्रावधान है। वहीं अंतरराज्यीय रूट्स पर चलने वाली डीजल बसों के लिए BS-VI या उससे नए उत्सर्जन मानकों का पालन करना जरूरी होगा।

अब सबकी नजर परिवहन विभाग की कमिटी की अंतिम रिपोर्ट पर है। रिपोर्ट के बाद यह साफ होगा कि छठ से पहले कौन से रूट शुरू होंगे, बसों का किराया कितना होगा और यात्रियों के लिए बुकिंग की व्यवस्था किस तरह की जाएगी।

Share this story

Tags