दिवाली-छठ पर यात्रियों को बड़ी राहत, दिल्ली-UP के बीच चलेंगी अतिरिक्त रोडवेज बसें, जानें किन शहरों को मिलेगा फायदा
दिवाली और छठ पूजा के दौरान घर जाने वाले यात्रियों को ट्रेन टिकट की मारामारी और लंबी वेटिंग लिस्ट से राहत दिलाने के लिए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) ने बड़ा फैसला लिया है। त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए निगम 6 नवंबर से 17 नवंबर तक दिल्ली और गाजियाबाद से उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों के लिए अतिरिक्त बसें चलाएगा। परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह के निर्देश पर रोडवेज प्रशासन ने इसकी तैयारियां शुरू कर दी हैं।
इन शहरों के लिए मिलेगी सीधी बस सेवा
त्योहारी सीजन में सबसे ज्यादा भीड़ को देखते हुए पूर्वांचल के यात्रियों के लिए विशेष बस सेवाएं शुरू की जाएंगी। इसके तहत दिल्ली, आनंद विहार और गाजियाबाद से लखनऊ, गोरखपुर, वाराणसी, अयोध्या और कानपुर जैसे प्रमुख शहरों के लिए अतिरिक्त बसें उपलब्ध कराई जाएंगी।
इसके अलावा मुरादाबाद, मेरठ, बरेली, सहारनपुर, आगरा, अलीगढ़ और इटावा जाने वाले यात्रियों के लिए भी बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे। यात्रियों की संख्या और मांग के आधार पर क्षेत्रीय प्रबंधक बसों की संख्या घटाने या बढ़ाने का फैसला ले सकेंगे।
बस चालकों और परिचालकों को मिलेगा 4,400 रुपये प्रोत्साहन भत्ता
त्योहारों के दौरान लगातार बस सेवाएं जारी रखने वाले कर्मचारियों के लिए भी निगम ने खास प्रोत्साहन योजना तैयार की है। इसके तहत लगातार 11 दिनों तक ड्यूटी करने वाले नियमित, संविदा और आउटसोर्स चालकों व परिचालकों को 4,400 रुपये का एकमुश्त प्रोत्साहन भत्ता दिया जाएगा।इसके अलावा निर्धारित लक्ष्य से अधिक किलोमीटर बस चलाने पर कर्मचारियों को अतिरिक्त मानदेय भी मिलेगा। डिपो कर्मचारियों, कार्यशाला में काम करने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों के लिए भी विशेष प्रोत्साहन राशि का प्रावधान किया गया है।
यात्रियों से की गई अतिरिक्त बसों का लाभ उठाने की अपील
UPSRTC ने त्योहारों के दौरान यात्रियों को होने वाली परेशानी कम करने के लिए यह व्यवस्था की है। निगम ने लोगों से अपील की है कि वे ट्रेनों की लंबी वेटिंग लिस्ट में फंसने के बजाय रोडवेज की अतिरिक्त बस सेवाओं का लाभ उठाएं। बसों के संचालन और समय से जुड़ी जानकारी के लिए यात्री संबंधित बस अड्डों पर बने पूछताछ केंद्रों से संपर्क कर सकते हैं।

