Samachar Nama
×

छात्रों के लिए बड़ी खबर: दिल्ली सरकार और DDA मिलकर बनाएंगे अफोर्डेबल PG, जानिए मास्टरप्लान

छात्रों के लिए बड़ी खबर: दिल्ली सरकार और DDA मिलकर बनाएंगे अफोर्डेबल PG, जानिए मास्टरप्लान

दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में इमारत गिरने से छात्रों की मौत के बाद सरकार और प्रशासन एक्शन मोड में आ गए हैं। हादसे के बाद दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने छात्रों के लिए सुरक्षित और किफायती आवास की व्यवस्था को लेकर डीडीए के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को ऐसी जमीन तलाशने के निर्देश दिए हैं, जहां छात्रों के लिए पीजी और हॉस्टल विकसित किए जा सकें।

उपराज्यपाल ने डीडीए के वाइस चेयरमैन सरवन कुमार से अपने कार्यालय में मुलाकात की। बैठक के दौरान उन्होंने छात्रों के लिए वैकल्पिक पीजी व्यवस्था तैयार करने को लेकर चर्चा की। एलजी ने डीडीए को निर्देश दिया कि पीजी बनाने के लिए उपयुक्त जमीन की पहचान की जाए और इसके बाद विस्तृत एक्शन प्लान तैयार किया जाए।

उन्होंने यह भी कहा कि इस योजना को लागू करने में विश्वविद्यालयों के अधिकारियों को भी शामिल किया जाए। साथ ही, दिल्ली में छात्रों के लिए पर्याप्त हॉस्टल सुविधा विकसित करने के लिए नए मास्टर प्लान के तहत काम शुरू किया जाए। उपराज्यपाल ने कहा कि सरकार का उद्देश्य छात्रों को सुरक्षित, बेहतर और उचित दर पर रहने की सुविधा उपलब्ध कराना है।

उपराज्यपाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बैठक की तस्वीरें साझा करते हुए इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि छात्रों के लिए सुरक्षित और सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।

गौरतलब है कि दिल्ली के मास्टर प्लान 2041 में भी हॉस्टल और पीजी को लेकर प्रावधान किए गए हैं। इसके तहत आवासीय और मिक्स यूज वाले क्षेत्रों में पेइंग गेस्ट सुविधा की अनुमति से जुड़े नियम तय किए गए हैं। गाइडलाइंस के मुताबिक ए और बी कैटेगरी के आवासीय क्षेत्रों में कोचिंग, ट्यूशन सेंटर, हॉस्टल और पीजी जैसी गतिविधियों की अनुमति नहीं है।

सत्य निकेतन में पीजी के तौर पर इस्तेमाल की जा रही इमारत के गिरने की घटना ने दिल्ली के शहरी ढांचे और अवैध निर्माण को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हादसे ने यह भी सामने ला दिया है कि बड़ी संख्या में छात्र सीमित और असुरक्षित जगहों में रहने को मजबूर हैं और इसके लिए उन्हें भारी किराया भी चुकाना पड़ता है। अब प्रशासन के सामने चुनौती छात्रों के लिए सुरक्षित, नियमों के अनुरूप और किफायती आवास की व्यवस्था करने की है।

Share this story

Tags