बिग बॉस में एंट्री पर बोलीं रिया अहीर, शो में जाने के बाद लोगों को पता चलेगा मैं कैसी हूं
मुंबई, 29 अगस्त (आईएएनएस)। सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर और मॉडल रिया अहीर 'बिग बॉस-20' में नजर आ सकती हैं। शो में उनकी एंट्री पूरी तरह से दर्शकों के वोट पर आधारित है, जिसे लेकर रिया का कहना है कि वे उनके लिए एक तरह से इम्तिहान की तरह है।
रिया अहीर का मानना है कि बिग बॉस जाने के बाद लोग अच्छी तरह से समझ सकेंगे कि वे किस तरह के इंसान हैं। उन्होंने कहा, "जब मेरे पास बिग बॉस की खबर आई थी, तो बहुत लोगों ने मुझे ट्रोल करना शुरू कर दिया था। वे कहने लगे थे कि मुझ पर फेम का असर चढ़ गया है, जिस वजह से मैंने वोटिंग का सहारा लेने का फैसला लिया।
उन्होंने बताया कि काफी लोगों ने मुझसे पूछा था कि बिग बॉस क्यों? मेरे बारे में अलग-अलग बातें हो रही थीं। उन्होंने कहा, "शुरुआत में मैं भी सोचती थी कि बिग बॉस क्यों जाना है। फिर घर में पापा से बात हुई और उन्होंने मुझसे जो कहा वह बात मेरे दिल में गई थी। उन्होंने मुझसे कहा था कि तुम इस बात पर कैसे रिएक्ट करती हो ये पूरा तुम पर निर्भर करता है। मैं तुम्हे खुद को फिर से लॉन्च करने या फिर कुछ भी करने के लिए कोई मजबूर नहीं कर रहा हूं। यह बात मेरे मन में बैठ गई थी। मुझे लगा कि लोगों को यह जानने का अच्छा मौका होगा कि मैं किस तरह की इंसान हूं। लोग कह रहे थे कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि क्या हो रहा है, तो मैं चाहती हूं कि वे मुझे वैसे देखें जैसी मैं सच में हूं। मेरी या किसी और की मत सुनो, खुद फैसला करो।"
दरअसल, रिया अहीर नीट पेपर लीक और परीक्षा व्यवस्था के खिलाफ हुए छात्र विरोध प्रदर्शन के दौरान मुंबई पुलिस की वैन के सामने अकेले खड़े होने के कारण सोशल मीडिया पर चर्चा में आईं और रातों-रात वायरल हो गईं थी।
आईएएनएस ने रिया से इस वायरल वीडियो के रिएक्शन के बारे में पूछा। साथ ही यह भी कहा कि क्या आपको उम्मीद थी कि लोगों की तरफ से इस तरह का प्यार मिलेगा।
इस पर रिया ने कहा, "नहीं, मुझे बिल्कुल भी उम्मीद नहीं थी कि लोगों को इस तरह से प्यार मिलेगा। उस समय मेरा एक्शन बिल्कुल नेचुरल और नॉर्मल था। एक महीने बाद भी, जब मैं उसे देखती हं, तो मुझे वैसा ही लगता है।"
रिया अहीर ने स्पष्ट किया कि वे बिग बॉस उस एक्शन की वजह से नहीं बल्कि, लोगों की तरफ से मिले प्यार और सपोर्ट की वजह से जा रही हूं। उन्होंने कहा, "मैंने 13 साल से थिएटर और 6 साल से मॉडलिंग करती आ रही हूं। इस दौरान मैंने अलग अलग रोल किए हैं, लेकिन लोगों ने मुझे सिर्फ तब पसंद किया, जब मैं रिया बनकर आई थी।"
--आईएएनएस
एनएस/डीएससी

